Bihar: तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, भ्रष्टाचार और खजाने की लूट का दावा
तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर भ्रष्टाचार और सरकारी खजाने की लूट का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने महिला संवाद अभियान को चुनावी प्रचार और 225 करोड़ के प्रचार रथ में 30% कमीशन का दावा किया। बाहरी ठेकेदारों को टेंडर देने और बिहार के ठेकेदारों की उपेक्षा पर जांच की मांग की।
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और इंडिया गठबंधन की समन्वय समिति के अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार की नीतीश कुमार सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार पर भ्रष्टाचार और सरकारी खजाने की लूट के गंभीर आरोप लगाए। RJD कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी ने कहा कि सत्ता में बैठे लोग जान चुके हैं कि उनकी सरकार दोबारा नहीं बनने वाली, इसलिए वे सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग कर रहे हैं।
"NDA सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर"
तेजस्वी ने दावा किया कि एनडीए सरकार में भ्रष्टाचार ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने कहा, "जनता भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और दलाली से तंग आ चुकी है। सत्ताधारी दल अपनी हार को देखकर सरकारी खजाने को लूटने में जुटे हैं।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार जनता के पैसे का इस्तेमाल अपने निजी और राजनीतिक हितों के लिए कर रही है।
महिला संवाद अभियान पर सवाल
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 'महिला संवाद अभियान' को भी निशाने पर लिया। उन्होंने इसे जनता दल यूनाइटेड (JDU) का चुनावी प्रचार करार देते हुए कहा कि इसके लिए सरकारी फंड का दुरुपयोग हो रहा है। तेजस्वी ने दावा किया कि इस अभियान के तहत 225 करोड़ रुपये की लागत से 600 प्रचार रथ खरीदे गए हैं, जिनमें 30 प्रतिशत कमीशन ठेकेदारों के जरिए मंत्रियों को दिया जा रहा है। उन्होंने इसकी जांच की मांग की।
"बाहरी ठेकेदारों को टेंडर, बिहार के लोग उपेक्षित"
तेजस्वी ने सरकार पर बिहार के स्थानीय ठेकेदारों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कई टेंडर निकाले जा रहे हैं, लेकिन ये टेंडर बाहरी लोगों को दिए जा रहे हैं। "ग्लोबल टेंडर के नाम पर कमीशन लिया जा रहा है। सरकार जल्दबाजी में जनता का पैसा लूट रही है। यह गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए," तेजस्वी ने जोर देकर कहा।
जनता से अपील
तेजस्वी ने बिहार की जनता से अपील की कि वे इस "लूट और भ्रष्टाचार" के खिलाफ आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि RJD जनता के हितों के लिए लड़ता रहेगा और नीतीश सरकार की कथित गड़बड़ियों को उजागर करता रहेगा।
news desk MPcg