NCP अजित गुट ने विलय की अटकलें खारिज कीं:अमित शाह-सुनेत्रा पवार की मुलाकात के बाद पार्टी में मतभेद
NCP अजित गुट ने विलय की अटकलों को किया खारिज
सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में एकजुट होने का दावा, अमित शाह से मुलाकात के बाद वित्त विभाग वापस लेने का मुद्दा भी उठामहाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अजित पवार गुट ने पार्टी में मतभेद और शरद पवार गुट यानी NCP (SP) के साथ विलय की अटकलों को खारिज कर दिया है।
पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में एकजुट है और दोनों गुटों के विलय का फिलहाल कोई सवाल नहीं है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में पार्टी के भीतर मतभेद की चर्चाएं तेज हो गई थीं।पार्टी नेताओं ने इन खबरों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि संगठन में सामूहिक नेतृत्व और आपसी बातचीत के जरिए फैसले लिए जा रहे हैं। बैठक में वित्त विभाग को वापस लेने का मुद्दा भी उठाया गया। हालांकि, इस पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
अमित शाह से मिले थे NCP के वरिष्ठ नेता
रविवार देर रात दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से NCP के वरिष्ठ नेताओं ने मुलाकात की थी। इस प्रतिनिधिमंडल में प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, दिलीप वलसे पाटिल, छगन भुजबल, हसन मुश्रीफ और धनंजय मुंडे शामिल थे।
यह बैठक ऐसे समय हुई, जब महाराष्ट्र विधान परिषद के हालिया चुनाव में NCP को औरंगाबाद ग्रेजुएट्स सीट पर हार का सामना करना पड़ा। यह सीट पार्टी के पास पिछले 18 वर्षों से थी। चुनावी झटके के बाद वरिष्ठ नेताओं की दिल्ली में हुई बैठक को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गईं।
बैठक में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ पवार तथा जय पवार की गैरमौजूदगी को भी चर्चा का विषय बनाया गया। इसके बाद पार्टी में अंदरूनी मतभेद और दोनों NCP गुटों के संभावित विलय को लेकर अटकलें लगाई जाने लगीं।
वित्त विभाग वापस लेने की मांग उठाई
NCP प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने बताया कि अमित शाह के साथ हुई बैठक में वित्त विभाग का मुद्दा उठाया गया था। उन्होंने कहा कि पार्टी इस विभाग को वापस लेना चाहती है, लेकिन इसे कौन संभालेगा, इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है।
उचित समय आने पर इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि वित्त विभाग पहले दिवंगत अजित पवार के पास था। उनके निधन के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह विभाग अपने पास रखा। ऐसे में NCP की ओर से विभाग वापस लेने का मुद्दा उठाना राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
तटकरे ने कहा कि पार्टी के नेता आपसी संवाद और सामूहिक नेतृत्व के आधार पर काम कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन से जुड़े मुद्दों पर बातचीत जारी रहेगी और आगे भी मिलकर फैसले लिए जाएंगे।
कोर कमेटी की बैठक में संगठन और सूखे पर चर्चा
तटकरे के मुताबिक, पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में संगठन को मजबूत करने, महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति और विधायकों की जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा हुई। पार्टी ने अपने विधायकों के साथ भी बैठक करने का निर्णय लिया। इसके लिए मंगलवार को पार्टी कार्यालय में सभी विधायकों की बैठक प्रस्तावित थी।
बैठक में वरिष्ठ नेता शरद पवार के स्वास्थ्य को लेकर भी चर्चा हुई। NCP नेताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। तटकरे ने कहा कि शरद पवार ने पिछले छह दशकों में महाराष्ट्र और देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उमेश पाटिल ने मतभेद की खबरों को बताया भ्रामक
NCP के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता उमेश पाटिल ने उन खबरों को खारिज किया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि दिल्ली की बैठक में सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार को अलग रखा गया।
उन्होंने इन खबरों को गलत, बेबुनियाद और भ्रामक बताया।
पाटिल के अनुसार, अजित पवार के निधन के बाद पार्टी के सामने आए विभिन्न मुद्दों पर सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार पहले ही अमित शाह से मुलाकात कर चुके थे। उन्होंने यह भी बताया कि सुनेत्रा पवार ने वरिष्ठ नेताओं के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के लिए अमित शाह से समय मांगा था और इसकी जानकारी भी उन्हें दी थी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुई बैठक को अनावश्यक राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है। पार्टी में मतभेद और तालमेल की कमी का माहौल बनाया जा रहा है, जबकि NCP महायुति गठबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में एकजुट होकर काम कर रही है।
बैठक के बाद मुंबई में भी नेताओं ने की चर्चा
अमित शाह से मुलाकात के बाद NCP के वरिष्ठ नेता रविवार देर रात दिल्ली से मुंबई लौटे। इसके बाद नेताओं ने राज्य मंत्री छगन भुजबल के आवास पर बंद कमरे में बैठकें कीं। इन बैठकों को पार्टी के संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर आगे की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
फिलहाल पार्टी ने विलय की अटकलों को खारिज करते हुए एकजुटता का दावा किया है। वहीं, वित्त विभाग को लेकर अंतिम फैसला और पार्टी की आगे की रणनीति पर सबकी नजर बनी हुई है।
news desk MPcg