MLC हार पर JDU की बैठक, BJP पर उमेश कुशवाहा का बयान

MLC हार पर JDU की बैठक, BJP पर उमेश कुशवाहा का बयान

MLC चुनाव में हार पर JDU का मंथन, उमेश कुशवाहा बोले- BJP से फेविकोल जैसा रिश्ता

पटना। बिहार विधान परिषद चुनाव में तीन सीटों पर हार के बाद जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने गुरुवार को पटना स्थित पार्टी कार्यालय में समीक्षा बैठक बुलाई। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के नेतृत्व में हो रही इस बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में चुनावी हार के कारणों, संगठन की कमजोरियों और नेताओं की भूमिका पर मंथन किया जा रहा है।

बैठक से पहले भाजपा के साथ गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ जदयू का रिश्ता फेविकोल जैसा मजबूत है। इस रिश्ते को लेकर किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच दो दशक से ज्यादा पुराना संबंध है और बात का बतंगड़ बनाने की जरूरत नहीं है।

चार में से तीन सीटों पर JDU को मिली हार

बिहार विधान परिषद की चार सीटों पर हुए चुनाव में जदयू को केवल पटना स्नातक सीट पर जीत मिली। पार्टी के नीरज कुमार ने राजद के दिलीप पटेल को 4,655 वोटों से हराया।

वहीं सारण शिक्षक सीट पर जदयू के आनंद पुष्कर को निर्दलीय राहुल राज ने 1,815 वोटों से हराया। तिरहुत स्नातक सीट पर अभिषेक झा को निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी ने 9,147 वोटों से शिकस्त दी। दरभंगा शिक्षक सीट पर जदयू के घनश्याम राय को जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने 3,226 वोटों से हराया।

सहयोगी दलों की भूमिका पर भी उठे सवाल

चुनाव परिणाम आने के बाद जदयू के कुछ पराजित उम्मीदवारों ने एनडीए के सहयोगी दलों, खासकर भाजपा की भूमिका पर सवाल उठाए थे। उम्मीदवारों का आरोप था कि चुनाव प्रचार के दौरान सहयोगी दलों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।

तिरहुत स्नातक सीट से हारे अभिषेक झा ने सोशल मीडिया के जरिए सहयोगी दलों की भूमिका पर सवाल उठाए थे। वहीं सारण शिक्षक सीट के उम्मीदवार आनंद पुष्कर ने भी भाजपा नेताओं की चुनावी सक्रियता को लेकर नाराजगी जताई थी।

अनंत सिंह प्रकरण पर भी हो सकती है चर्चा

पटना स्नातक सीट के चुनाव के दौरान मोकामा विधायक अनंत सिंह और जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार के बीच विवाद भी सामने आया था। पार्टी ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। समीक्षा बैठक में इस प्रकरण और इसके राजनीतिक असर पर भी चर्चा हो सकती है।

जिलाध्यक्षों से मांगी जाएगी रिपोर्ट

बैठक में चुनाव वाले जिलों के जिलाध्यक्षों और उम्मीदवारों को भी बुलाया गया है। उनसे बूथ स्तर की तैयारी, मतदाताओं से संपर्क, संगठन की सक्रियता और चुनाव प्रबंधन की जानकारी ली जाएगी।

पार्टी नेतृत्व हार के कारणों की समीक्षा कर आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार करना चाहता है। बैठक में वरिष्ठ नेताओं की चुनावी सक्रियता और गठबंधन के भीतर बेहतर तालमेल जैसे मुद्दे भी अहम रह सकते हैं।