जयपुर हादसे में दो युवकों की मौत, एक की बहन की शादी 7 दिन बाद थी
जयपुर में नशे में कार चालक ने दो युवकों को कुचला, दोनों की मौत
जयपुर के आमेर इलाके में बुधवार रात करीब 11 बजे नशे में कार चला रहे युवक ने स्कूटी और बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों साहिल (25) और शोएबुद्दीन उर्फ शोएब (26) की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक कलीमुद्दीन, सोहेल और तरुण घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने कार सवार दो युवकों को हिरासत में लिया है।
स्कूटी के बाद बाइक को मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार, कार आमेर महल से जलमहल की ओर जा रही थी। मावठा सेल्फी पॉइंट के पास कार ने पहले स्कूटी को टक्कर मारी। स्कूटी पर साहिल, तरुण और सोनू सवार थे। इसके बाद कार चालक ने भागने की कोशिश की और करीब 50 मीटर आगे मजार के पास बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार और बाइक सड़क किनारे खाई में जा गिरीं।
अस्पताल में इलाज के दौरान साहिल की मौत
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने शोएब को मृत घोषित कर दिया, जबकि साहिल ने गुरुवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।
बहन की शादी से पहले घर में पसरा मातम
साहिल के परिवार में 12 नवंबर को उसकी बहन जेबा की शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। साहिल की आमेर में मेडिकल शॉप थी और परिवार बहन की शादी के बाद उसकी शादी करने की तैयारी कर रहा था। हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
चार महीने पहले पिता बना था शोएब
दूसरे मृतक शोएबुद्दीन उर्फ शोएब के परिवार में भी खुशियों का माहौल था। वह चार महीने पहले ही बेटे मोहम्मद हुसैन का पिता बना था। परिवार इसी महीने बच्चे के जन्म का जश्न समारोह आयोजित करने की तैयारी कर रहा था। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
कार से बीयर के कैन मिले, दो आरोपी हिरासत में
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक अयान (25), निवासी भीलवाड़ा और उसके साथी सागर सोलंकी (25) को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। कार से बीयर के कैन भी बरामद हुए हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। आमेर थाना पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
news desk MPcg