बांग्लादेश में हिंसा के पीछे पाकिस्तान का हाथ: शेख हसीना के बेटे का बड़ा खुलासा
सीटीटुडे | बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद जॉय ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने हिंसा के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया और इसे एक अंतरराष्ट्रीय समस्या करार दिया। जॉय ने बांग्लादेश में शांति बहाली के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अंतरराष्ट्रीय समुदाय पर दबाव डालने का अनुरोध किया है।
शेख हसीना की वापसी पर स्थिति स्पष्ट नहीं:
सजीब वाजेद जॉय ने बताया कि शेख हसीना की बांग्लादेश में वापसी तब होगी जब वहां लोकतंत्र बहाल होगा। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि वे सक्रिय राजनीति में लौटेंगी या सेवानिवृत्त नेता के रूप में वापस आएंगी।
आवामी लीग के कार्यकर्ताओं को आश्वासन:
जॉय ने आवामी लीग के कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि वे अपनी पार्टी और कार्यकर्ताओं को बीच में नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने पार्टी को बांग्लादेश की सबसे पुरानी और महत्वपूर्ण पार्टी बताते हुए अपनी निष्ठा जताई है।
प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ और अंतरराष्ट्रीय दबाव की अपील:
जॉय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शेख हसीना को सुरक्षा देने के लिए धन्यवाद कहा और उनसे पूर्वी क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय पर दबाव डालने की अपील की है। उन्होंने बांग्लादेश में चल रहे 'इंडिया आउट' कैंपेन और भारत विरोधी ताकतों की सक्रियता का भी उल्लेख किया, और भारत से आवामी लीग की सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय दबाव बनाने की अपील की।
Newsdesk