असम में कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस का इंजन और 5 कोच पटरी से उतरे, 50 यात्री घायल होने की खबर:
असम में कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस का इंजन और 5 कोच पटरी से उतरे, 50 यात्री घायल होने की खबर:
हादसे का VIDEO आया सामने, लोको पायलट बोले- ब्रेक काम नहीं कर रहे
असम के कामरूप जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। डिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (13125) का इंजन और 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा सुबह करीब 6:54 बजे हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुर्घटना में करीब 50 यात्री घायल हुए हैं। हालांकि, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की बात कही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और रेलवे की टीम ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
दूसरी लाइन पर ट्रेन ले जाते समय हुआ हादसा
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुताबिक, ट्रेन को डिगारू स्टेशन पर दूसरी लाइन पर लिया जा रहा था। इसी दौरान दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए ट्रेन की गति कम नहीं हो सकी। इसके चलते कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस दूसरी लाइन पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि इंजन समेत 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद रेलवे अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
हादसे के समय का VIDEO आया सामने, लोको पायलट ने बताई परेशानी
दुर्घटना के समय का करीब 45 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। इसमें ट्रेन के लोको पायलट केबिन के अंदर का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो में कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले, स्विच और इंजन के उपकरण नजर आ रहे हैं। इस दौरान लोको पायलट की आवाज भी सुनाई देती है। वह कह रहे हैं कि कुछ भी काम नहीं कर रहा है। सिग्नल फेल है और इमरजेंसी सिस्टम भी काम नहीं कर रहा। उन्होंने एस9 और ए9 सिस्टम के काम नहीं करने की बात भी कही। लोको पायलट की इन बातों के बाद हादसे के पीछे तकनीकी खराबी की आशंका को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
रेलवे अधिकारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए। ट्रेन में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। रेलवे की ओर से यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। फिलहाल हादसे के कारणों और यात्रियों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
असम में पहले भी हो चुके हैं रेल हादसे
असम में इससे पहले भी ट्रेन के पटरी से उतरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 29 अक्टूबर को लुमडिंग-बदरपुर पहाड़ी रेलखंड पर सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के इंजन की आगे की ट्रॉली पटरी से उतर गई थी। यह घटना बदरपुर और सुकरितिपुर स्टेशनों के बीच सुबह करीब 8:50 बजे हुई थी। उस हादसे में किसी यात्री के घायल होने या मौत की खबर नहीं आई थी। वहीं, 20 दिसंबर 2025 को होजाई जिले में सैरंग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के झुंड से टकरा गई थी। इस दुर्घटना में 7 हाथियों की मौत हो गई थी और एक हाथी का बच्चा घायल हुआ था। हादसे में ट्रेन का इंजन और 5 कोच भी पटरी से उतर गए थे।
news desk MPcg