प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, पति-पत्नी समेत तीन मूक-बधिर लोगों की बेरहमी से हत्या
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मंगलवार को ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई। शाहगंज थाना क्षेत्र के गढ़ी कला मोहल्ले में किराए के कमरे से पति, पत्नी और एक महिला का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। तीनों एक ही बिस्तर पर मृत मिले। मृतक बोल और सुन नहीं सकते थे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह कमरे का दरवाजा आधा खुला मिला। पड़ोसियों ने अंदर झांककर देखा तो तीनों शव खून से सने पड़े थे। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मकान मालकिन के बेटे से भी पूछताछ की है।
मकान मालकिन के अनुसार मृतक दंपति पिछले छह महीने से किराए पर रह रहे थे और कबाड़ बीनकर अपना जीवनयापन करते थे। सोमवार को उनसे मिलने एक महिला आई थी, जिसे पहले कभी मोहल्ले में नहीं देखा गया था। रात में सब सामान्य था, लेकिन सुबह तीनों मृत मिले।
दूसरी मंजिल पर रहने वाले एक किराएदार ने बताया कि रात में किसी भारी वस्तु के गिरने जैसी तेज आवाज सुनाई दी थी, लेकिन उसने इसे सामान्य समझकर ध्यान नहीं दिया। वहीं कबाड़ कारोबारी श्यामलाल ने बताया कि वह दंपति को करीब 20 वर्षों से जानते थे। उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। तीसरी महिला भी कभी-कभी उनके साथ कबाड़ बेचने आती थी।
डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य ने बताया कि कमरे से दो महिलाओं और एक पुरुष का शव मिला है। तीनों मूक-बधिर थे। शुरुआती जांच में आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतकों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
news desk MPcg