भोपाल में डंपर ने महिला पत्रकार को कुचला, मौके पर मौत
भोपाल में डंपर ने महिला पत्रकार को कुचला, मौत
भोपाल। राजधानी भोपाल में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला पत्रकार सपना कुमारी की जान चली गई। हादसा भदभदा चौराहे पर उस समय हुआ, जब सपना रैपिडो बाइक से अपने न्यूज चैनल के ऑफिस जा रही थीं। दूसरे बाइक सवार की लापरवाही के कारण हुए इस हादसे में वह सड़क पर गिर गईं और पीछे से आ रहे डंपर ने उन्हें कुचल दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सपना कुमारी रविवार सुबह करीब 11 बजे रैपिडो बाइक से ऑफिस के लिए निकली थीं। भदभदा चौराहे के पास एक अन्य बाइक सवार ने रैपिडो चालक को अचानक कट मार दिया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पीछे बैठी सपना सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सपना मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं और भोपाल के एक निजी न्यूज चैनल में ट्रेनी पत्रकार के रूप में काम कर रही थीं। वह अपने करियर की शुरुआत कर रही थीं। इस हादसे से उनके परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।
नो एंट्री में डंपर घुसने की बात भी आई सामने
हादसे के बाद डंपर की आवाजाही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि जिस डंपर की चपेट में सपना आईं, वह नो एंट्री क्षेत्र में दाखिल हुआ था। हालांकि, डंपर वहां किन परिस्थितियों में पहुंचा और क्या उसने यातायात नियमों का उल्लंघन किया था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मौके से फरार हुए डंपर चालक और कट मारने वाले बाइक सवार की तलाश की जा रही है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर भोपाल में भारी वाहनों की आवाजाही, नो एंट्री नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच के बाद ही हादसे की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
news desk MPcg