श्री सहस्त्रबाहु जयंती पर भोपाल में निकलेगी शोभायात्रा

श्री सहस्त्रबाहु जयंती पर भोपाल में निकलेगी शोभायात्रा

भगवान श्री सहस्त्रबाहु जन्मोत्सव एवं भव्य वाहन शोभायात्रा की तैयारियाँ पूर्ण, कल भोपाल में दिखेगा समाज की एकता और आस्था का विराट स्वरूप! 

भगवान श्री सहस्त्रबाहु जी के जन्मोत्सव एवं भव्य वाहन शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर आज कल्चुरी भवन, भोपाल में समाज के पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में आयोजन की सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर विभिन्न दायित्वों को अंतिम रूप दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं कल्चुरी समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एल. एन. मालवीया ने बताया कि शोभायात्रा के लिए विदिशा, रायसेन एवं भोपाल में व्यापक जनसंपर्क किया गया है। भोपाल को 12 खंडों में बाँटकर कोलार, बैरसिया, करोंद, आनंद नगर, पिपलानी, बागसेवनिया, साकेत नगर, शक्ति नगर, गोविंदपुरा एवं नरेला सहित विभिन्न क्षेत्रों में समाजजनों के साथ बैठकें आयोजित की गईं।

इस व्यापक जनसंपर्क और समाज के उत्साह को देखते हुए आयोजन में 5,000 से अधिक समाजबंधुओं, लगभग 1,500 चारपहिया एवं 2,000 दोपहिया वाहनों के सम्मिलित होने की संभावना है।

पूज्य संतों का मिलेगा सान्निध्य एवं आशीर्वाद

आयोजन में मुख्य मार्गदर्शक के रूप में परम श्रद्धेय दादा गुरुजी महाराज का पावन आगमन हो रहा है। साथ ही पूज्य अनीलानन्द जी महाराज, स्वामी ओमप्रकाश जी, स्वामी ऋषि जी, स्वामी संपूर्णानंद जी एवं श्री श्री 1008 कनहैयादास जी महाराज सहित आठ पूज्य संतों का सान्निध्य एवं आशीर्वचन प्राप्त होगा।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती कृष्णा गौर जी, श्री विश्वास सारंग जी, श्री भगवानदास सबनानी जी, भोपाल सांसद श्री आलोक शर्मा जी एवं श्री रविंद्र यति जी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों का आगमन प्रस्तावित है।

साथ ही समाज के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री दिलीप जायसवाल जी, श्री प्रदीप जायसवाल जी, श्री दिनेश राय  जी एवं श्री सुदेश राय जी सहित समाज के अनेक गणमान्यजन भी आयोजन में सहभागी होंगे।

कार्यक्रम स्थल: भेल दशहरा मैदान, करियर कॉलेज के पास, भोपाल
दिनांक: रविवार, 15 नवंबर 2026
कार्यक्रम का शुभारंभ: प्रातः 11 बजे
शोभायात्रा का समापन: सायं लगभग  6:30 बजे, कल्चुरी भवन में।

दशहरा मैदान में पूज्य साधु-संतों का स्वागत-सम्मान, आशीर्वचन एवं अतिथियों का उद्बोधन होगा। इसके उपरांत भव्य वाहन शोभायात्रा कल्चुरी भवन के लिए प्रस्थान करेगी। दशहरा मैदान एवं कल्चुरी भवन—दोनों स्थानों पर भोजन एवं पेयजल की व्यवस्था की गई है।

बैठक में उपस्थित सभी समाजबंधुओं ने अपने परिवार एवं धर्मपत्नी सहित आयोजन में सम्मिलित होने और इसे भव्य, अनुशासित एवं गरिमामय बनाने का संकल्प लिया।

समाज के समस्त वरिष्ठजनों, माताओं-बहनों, युवा साथियों एवं भोपालवासियों से सादर निवेदन है कि सपरिवार पधारकर भगवान श्री सहस्त्रबाहु जी का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस ऐतिहासिक आयोजन की शोभा बढ़ाएँ।

आइए, आस्था, एकता और सामाजिक सद्भाव के इस महापर्व में सहभागी बनें।

जय भगवान श्री सहस्त्रबाहु! जय कल्चुरी समाज! 

डॉ. एल. एन. मालवीया 
प्रदेश अध्यक्ष, कल्चुरी समाज
मुख्य संयोजक, भगवान श्री सहस्त्रबाहु जन्मोत्सव एवं भव्य शोभायात्रा