Bihar Election 2025: पहले चरण के मतदान से पहले बिहार में हाई अलर्ट, डीजीपी विनय कुमार बोले- शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पटना, 5 नवंबर :
बिहार में पहले चरण के मतदान से ठीक एक दिन पहले प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. डीजीपी विनय कुमार (Vinay Kumar) ने बुधवार को स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव के दौरान किसी तरह की हिंसा, उपद्रव या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर तत्काल प्रिवेंटिव डिटेंशन के तहत गिरफ्तारी होगी. उन्होंने आईएएनएस से कहा कि चुनाव समाप्त होते ही ऐसे लोगों को बांड पर रिहा किया जाएगा, लेकिन उनके खिलाफ सख्त बांड भरने की बाध्यता भी तय की जाएगी. डीजीपी ने बताया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के लिए एक बड़ा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से राज्यभर की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. उन्होंने कहा, "किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हमारी टीम 24 घंटे एक्टिव है."
उन्होंने बताया कि इस प्रकार की रोकथाम कार्रवाई पहले से चल रही है और इस साल अब तक 2 लाख से अधिक लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है. विनय कुमार ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए बड़ी संख्या में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. उनके अनुसार, पहले चरण के लिए कुल 1500 अर्धसैनिक बल तीन चरणों में उपलब्ध कराए गए. पिछले 5 से 6 दिनों में अतिरिक्त 150 अर्धसैनिक बलों ने भी सहयोग दिया है. इन बलों को उन जिलों में तैनात किया गया है, जहां दूसरे चरण का चुनाव होगा ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रह जाए. सभी जिलों में सख्त चेकिंग जारी रहेगी.
news desk MPcg