संपत्ति विवाद में टीचर बहू ने ससुर की कर दी हत्या, आंखों में झोंकी मिर्च फिर फावड़े के डंडे से किए वार
महराजगंज (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शिक्षिका बहू पर अपने ससुर की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, संपत्ति विवाद के चलते बहू ने पहले ससुर की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका और फिर साथियों के साथ मिलकर फावड़े के लकड़ी वाले डंडे से हमला कर उनकी जान ले ली।
यह घटना जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव की है। मृतक की पहचान सच्चाराम गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि वारदात के बाद शव को ठिकाने लगाने और सबूत मिटाने की कोशिश भी की गई। हालांकि पुलिस ने महज चार घंटे के अंदर मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी बहू समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सच्चाराम गुप्ता के दो बेटे हैं। आरोप है कि उनकी बड़ी बहू शोभा गुप्ता लंबे समय से ससुर पर संपत्ति अपने नाम करने का दबाव बना रही थी। जबकि सच्चाराम गुप्ता दोनों बेटों को बराबर हिस्सा देने की बात कह रहे थे। इसी संपत्ति विवाद को लेकर परिवार में काफी समय से तनाव चल रहा था और मामला अदालत तक भी पहुंच चुका था।
पुलिस जांच में सामने आया कि शोभा गुप्ता ने कथित तौर पर साजिश के तहत ससुर को बंटवारे पर बातचीत करने के बहाने अपने घर बुलाया। वहां पहले से रमेश गुप्ता और कथित झोलाछाप डॉक्टर धनई यादव मौजूद थे।
आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया, जिसके बाद शोभा गुप्ता ने सच्चाराम गुप्ता की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। तेज जलन के कारण वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद दोनों साथियों ने उन्हें पकड़ लिया और शोभा ने फावड़े के लकड़ी वाले डंडे से उनके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और चार घंटे में पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
news desk MPcg