MP में कड़ाके की ठंड और कोहरा, 19 जिलों में स्कूलों की छुट्टी, बड़वानी में दूध टैंकर पलटा - एक की मौत

1 / 1

1.

मध्यप्रदेश | इस समय भीषण शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में है। अरब सागर से आई नमी और उत्तर भारत की सर्द हवाओं के कारण प्रदेश में ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति बनी हुई है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत 33 जिलों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रही। भोपाल में सुबह 6 से 7 बजे के बीच 20 मीटर आगे तक कुछ दिखाई नहीं दिया, वहीं पचमढ़ी में गाड़ियों की सीटों पर बर्फ की परत जमी मिली।

राजगढ़ 5 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जबकि दतिया में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 6.8, इंदौर में 8.6 और ग्वालियर में 6.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक ग्वालियर-चंबल संभाग में भारी कोहरे का अलर्ट जारी किया है।

ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए 19 जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया है, जबकि भोपाल और धार में स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है। इधर, कोहरे के कारण बड़वानी में दूध का टैंकर पलटने से एक हेल्पर की मौत हो गई। वहीं, दिल्ली से आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।