कल्पना नगर में बढ़ती वारदातों से दहशत, छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल

1 / 1

1.

भोपाल: पिपलानी थाना क्षेत्र के कल्पना नगर और आसपास के इलाकों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता सामने आई है। हाल के दिनों में चाकूबाजी, मोबाइल चोरी और छिटपुट आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है, जिससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं में भय का माहौल बन गया है। खासतौर पर कोचिंग संस्थानों और हॉस्टलों में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर लोग चिंतित हैं।

इसी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने पिपलानी थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने इलाके में नियमित पुलिस गश्त, संदिग्ध तत्वों पर निगरानी, सीसीटीवी कैमरों की सक्रिय मॉनिटरिंग और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। एबीवीपी का कहना है कि शाम के बाद कई मार्ग सुनसान हो जाते हैं, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं।

भेल जिला संयोजक प्रतीक द्विवेदी ने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्राओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। स्थानीय रहवासियों ने भी पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस बढ़ती चिंता पर क्या ठोस कदम उठाता है, ताकि इलाके में फिर से सुरक्षा और भरोसे का माहौल बन सके।