EU-India Trade Deal पर ट्रंप टीम का हमला, स्कॉट बेसेंट बोले– ‘यूरोप दोहरी नीति अपना रहा है’

1 / 1

1.

वाशिंगटन।
ट्रंप प्रशासन के प्रमुख सहयोगी और अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने भारत–यूरोपीय संघ (EU) के बीच हुए व्यापार समझौते को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि रूस–यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका ने यूरोप की तुलना में कहीं अधिक आर्थिक और रणनीतिक बलिदान दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद यूरोपीय देश दोहरी नीति अपना रहे हैं।

बेसेंट ने दावा किया कि अमेरिका ने रूस से तेल खरीद को लेकर भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाए, जबकि इसी दौरान यूरोपीय देशों ने भारत के साथ एक बड़ा व्यापार समझौता कर लिया। उन्होंने कहा कि रूसी कच्चा तेल भारत आता है, यहां रिफाइन होकर तैयार उत्पाद बनता है और फिर वही उत्पाद यूरोप खरीदता है। इस तरह यूरोप अनजाने में उसी युद्ध को वित्तपोषित कर रहा है, जिसका वह विरोध जताता है।

ट्रंप प्रशासन ने भारत पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लगाए हैं, जिसमें रूसी तेल से जुड़े 25 प्रतिशत दंडात्मक शुल्क भी शामिल हैं। बेसेंट ने पहले संकेत दिया था कि यदि भारतीय रिफाइनरियां रूसी तेल की खरीद घटाती हैं तो टैरिफ हटाने का रास्ता बन सकता है, लेकिन अब उन्होंने इन टैरिफ को सफल बताते हुए उनका समर्थन किया है।

यह बयान भारत और EU के बीच ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ कहे जा रहे मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की घोषणा के बाद आया है। 16वें भारत–EU शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूरोपीय नेतृत्व ने इस समझौते की औपचारिक घोषणा की। इस घटनाक्रम से अमेरिका–EU के बीच व्यापार और रूस–यूक्रेन मुद्दे पर मतभेद साफ नजर आ रहे हैं, जबकि भारत अपनी ऊर्जा नीति को राष्ट्रीय हितों के आधार पर आगे बढ़ा रहा है|