मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। Israel ने Iran की राजधानी Tehran समेत कई प्रमुख शहरों पर बड़ा सैन्य हमला किया है। भारतीय समयानुसार शनिवार सुबह तेहरान में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं और हवाई हमलों के सायरन गूंज उठे। शहर के कई हिस्सों में धुएं के गुबार देखे गए, जिससे दहशत का माहौल बन गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया उनमें ईरान का खुफिया मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई का कार्यालय और परमाणु ऊर्जा संगठन शामिल हैं। हमले के बाद खामेनेई को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किए जाने की खबर है।
Israel Defense Forces ने इस कार्रवाई को “प्रिवेंटिव अटैक” बताते हुए कहा कि यह कदम संभावित खतरे को रोकने के लिए उठाया गया है। जवाबी आशंका के बीच ईरान ने अपना एयरस्पेस बंद कर सभी उड़ानें रोक दी हैं। वहीं इजराइल में भी एयर अटैक सायरन बजने की सूचना है।
इजराइल ने अपने इस अभियान को ‘लायंस रोर’ नाम दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह अमेरिका और इजराइल का संयुक्त सैन्य अभियान है। Donald Trump ने पहले ही ईरान को चेतावनी दी थी कि अमेरिका और उसके नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। बताया जा रहा है कि अमेरिकी सेना ईरान के मिसाइल ठिकानों और उसके मिसाइल कार्यक्रम को निष्क्रिय करने की कोशिश में जुटी है।
परमाणु कार्यक्रम को लेकर जारी कूटनीतिक वार्ता के बीच हुआ यह हमला क्षेत्रीय और वैश्विक राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत दे रहा है।