नोएडा में ATS का बड़ा ऑपरेशन, आतंकी साजिश रचते दो युवक गिरफ्तार

नोएडा में ATS का बड़ा ऑपरेशन, आतंकी साजिश रचते दो युवक गिरफ्तार

नोएडा में उत्तर प्रदेश एटीएस ने एक बड़े ऑपरेशन में आतंकी साजिश का खुलासा करते हुए दो युवकों—तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्लाह और समीर खान—को हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पाकिस्तानी हैंडलर्स और गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे, जिन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से इन्हें कट्टरपंथ की ओर प्रेरित किया।

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश के अनुसार, आरोपियों को सांप्रदायिक तनाव फैलाने और प्रभावशाली व्यक्तियों की टारगेट किलिंग के लिए उकसाया गया था। तुषार ने कई फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर पाकिस्तानी नेटवर्क से सीधा संपर्क स्थापित किया। आरोपियों को हथियार उपलब्ध कराने और मिशन पूरा होने पर दुबई के रास्ते पाकिस्तान बुलाने का लालच भी दिया गया था।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि तुषार को टारगेट किलिंग के लिए 3 लाख रुपये का ऑफर दिया गया था, जिसमें 50 हजार रुपये एडवांस तय था। वहीं समीर खान को ‘TTH’ (तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान) के प्रचार और नए युवकों की भर्ती की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। दोनों ने कई संवेदनशील स्थानों की रेकी भी शुरू कर दी थी।

पुलिस ने आरोपियों के पास से पिस्टल, कारतूस और अन्य हथियार बरामद किए हैं तथा गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल एटीएस दोनों से गहन पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की तलाश में जुटी है।