बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, तीन थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मियों की मौत
बिहार के बेगूसराय जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन थानाध्यक्षों समेत चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। यह हादसा साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित बखड्डा ढाला के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार पुलिसकर्मी पटना में प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा कर मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान देर रात उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में तीन पुलिस अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान रतवारा थानाध्यक्ष साजन कुमार पासवान, अरार थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार तथा निजी चालक ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है। सभी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। पुलिस प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि एनएच-31 का बखड्डा ढाला क्षेत्र पहले भी कई सड़क हादसों का गवाह बन चुका है। सड़क किनारे भारी वाहनों के खड़े रहने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। इस हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आई हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार, चालक की चूक या अन्य किसी कारण से हुआ।
news desk MPcg