अलीगढ़ में फूड सेफ्टी की बड़ी कार्रवाई बिना टमाटर और मिर्च के बन रही थी टोमैटो-चिली सॉस, हजारों किलो सामग्री नष्ट

अलीगढ़ में फूड सेफ्टी की बड़ी कार्रवाई बिना टमाटर और मिर्च के बन रही थी  टोमैटो-चिली सॉस, हजारों किलो सामग्री नष्ट

अलीगढ़ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (Food Safety and Drug Administration Uttar Pradesh) की छापेमारी ने फास्ट फूड इंडस्ट्री से जुड़ी चौंकाने वाली गड़बड़ियों का पर्दाफाश किया है। जांच के दौरान ऐसे खाद्य उत्पाद पाए गए, जिन पर ‘टोमैटो सॉस’ और ‘चिली सॉस’ लिखा था, लेकिन उन्हें बनाने के लिए न तो टमाटर मौजूद थे और न ही मिर्च। इस कार्रवाई के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ता सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

बिना टमाटर और बिना मिर्च बन रही थी ‘सॉस’

एफएसडीए की टीम ने अलीगढ़ में कई खाद्य निर्माण इकाइयों पर छापा मारा। जांच के दौरान वहां भारी मात्रा में रेड सॉस और चिली सॉस तैयार मिलती है, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि मौके पर टमाटर, टमाटर पल्प या मिर्च का कोई भी इस्तेमाल होता हुआ नहीं पाया गया।

यानी जिस उत्पाद को ‘टोमैटो सॉस’ और ‘चिली सॉस’ के नाम से बाजार में सप्लाई किया जा रहा था, उसकी असल सामग्री को लेकर गंभीर संदेह पैदा हो गया है।

अस्वच्छ हालात में चल रहा था उत्पादन

जांच रिपोर्ट के अनुसार, कई जगहों पर सॉस का निर्माण बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जा रहा था। साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की खुली अनदेखी सामने आई, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है।

एफएसडीए अधिकारियों के मुताबिक, यह केवल गुणवत्ता का नहीं बल्कि स्वास्थ्य सुरक्षा का भी बड़ा मुद्दा है, क्योंकि ऐसे उत्पाद सीधे बाजार में फास्ट फूड स्टॉल और रेस्तरां तक पहुंचते हैं।

बड़ी मात्रा में सामग्री नष्ट, लाइसेंस पर कार्रवाई

छापेमारी के दौरान विभाग ने हजारों किलो संदिग्ध सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया। साथ ही संबंधित इकाइयों के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों का कहना है कि आगे की जांच में यह पता लगाया जाएगा कि इन सॉस में किन रसायनों या कृत्रिम पदार्थों का उपयोग किया जा रहा था और यह कितने समय से बाजार में सप्लाई हो रही थी।

उपभोक्ता सुरक्षा पर उठे सवाल

इस खुलासे के बाद यह सवाल उठ रहा है कि बाजार में मिलने वाले फास्ट फूड के साथ परोसी जाने वाली सॉस वास्तव में कितनी सुरक्षित हैं। खासकर सड़क किनारे बिकने वाले स्नैक्स, चाउमीन और बर्गर के साथ इस्तेमाल होने वाली सॉस को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।