टीकमगढ़ पहुंचे CM मोहन यादव, जिला अस्पताल का किया निरीक्षण; आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से किया संवाद
टीकमगढ़, मध्य प्रदेश। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को जन विश्वास अभियान के तहत टीकमगढ़ पहुंचे। पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर पहुंचने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए हेलीपैड पर जाने को लेकर कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई।
हेलीपैड से मुख्यमंत्री सीधे टीकमगढ़ जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद वे तखा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के लिए रवाना हुए।
आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से मिले CM
आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बच्चों से बातचीत की। अन्नप्राशन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बच्चों से सहज अंदाज में संवाद किया और पूछा कि वे रोजाना आंगनबाड़ी आते हैं या नहीं। बच्चों ने मुस्कुराते हुए हां में जवाब दिया।
इस दौरान बच्चों ने मुख्यमंत्री को कहानी भी सुनाई। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ कुछ समय बिताया और आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
सीएम हेल्पलाइन के मामलों की होगी समीक्षा
जन विश्वास अभियान के तहत मुख्यमंत्री टीकमगढ़ में सीएम हेल्पलाइन से जुड़े 30 मामलों की समीक्षा भी करेंगे। इस दौरान संबंधित शिकायतों की स्थिति और उनके निराकरण की जानकारी ली जाएगी। मुख्यमंत्री कुछ आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनेंगे।
सरकार के जन विश्वास अभियान का उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों और समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। टीकमगढ़ दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं और विभागीय व्यवस्थाओं की भी समीक्षा कर रहे हैं।
news desk MPcg