सौरभ चंद्राकर को भारत लाने की मंजूरी: ओमान कोर्ट ने UAE की याचिका खारिज की

सौरभ चंद्राकर को भारत लाने की मंजूरी: ओमान कोर्ट ने UAE की याचिका खारिज की

सौरभ चंद्राकर के प्रत्यर्पण को भारत की मंजूरी

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बड़ी कानूनी सफलता, ओमान की अदालत ने UAE की याचिका खारिज की। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को भारत लाने की प्रक्रिया में भारत को बड़ी कानूनी सफलता मिली है। सौरभ के प्रत्यर्पण को लेकर भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच कानूनी प्रक्रिया चली थी। मामले में ओमान की अदालत ने UAE की प्रत्यर्पण याचिका खारिज करते हुए भारत की ओर से की गई मांग को मंजूरी दे दी।

सौरभ चंद्राकर पर महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित करने के आरोप हैं। इस मामले की जांच भारत की एजेंसियां कर रही हैं। सौरभ को भारत लाना जांच एजेंसियों के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि उससे पूछताछ के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कथित वित्तीय लेन-देन की जानकारी सामने आ सकती है।

ओमान की अदालत में क्या हुआ?

मामले की सुनवाई के दौरान सौरभ चंद्राकर ने खुद को वानुअतु का नागरिक बताया था। इस पर भारतीय दूतावास ने ओमान की अदालत को जानकारी दी कि सौरभ भारतीय नागरिक है और उसके पास भारतीय पासपोर्ट भी है। अदालत ने स्पष्ट किया कि वानुअतु की नागरिकता होने का दावा भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में अपने आप बाधा नहीं बनता।

ओमान की अदालत ने भारत की ओर से दिए गए कानूनी आश्वासनों और दोनों देशों के बीच प्रत्यर्पण संधि पर विचार करने के बाद भारत की मांग स्वीकार कर ली। वहीं, UAE की याचिका को जरूरी कानूनी आश्वासन नहीं देने के कारण खारिज कर दिया गया। 

एक नवंबर को भारत लाया गया सौरभ

कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक नवंबर को CBI की विशेष टीम सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लेकर पहुंची। उसे इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने हिरासत में लिया था। इसके बाद भारतीय एजेंसियों ने प्रत्यर्पण की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की।

दो नवंबर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने CBI को सौरभ की दो दिन की ट्रांजिट रिमांड दी, ताकि उसे छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित विशेष अदालत में पेश किया जा सके। 

6000 करोड़ के सट्टेबाजी नेटवर्क की जांच

जांच एजेंसियों के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर और उसके सहयोगी रवि उप्पल ने महादेव ऑनलाइन बुक के जरिए कथित तौर पर बड़े स्तर पर अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क खड़ा किया था। इस प्लेटफॉर्म पर क्रिकेट, फुटबॉल, कार्ड गेम और दूसरे खेलों पर सट्टा लगाया जाता था।

CBI की जांच में आरोप है कि सट्टेबाजी से हासिल रकम को कई बैंक खातों के जरिए अलग-अलग लेन-देन में घुमाया गया और हवाला नेटवर्क के माध्यम से विदेश भेजा गया। इस मामले में CBI की दो अलग-अलग जांच में चार्जशीट दाखिल हो चुकी हैं। वहीं, ED भी मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच कर रही है।

ED ने संपत्तियों पर भी की कार्रवाई

महादेव सट्टेबाजी मामले में ED ने मार्च 2026 में करीब 1,700 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की थीं। इनमें दुबई की लग्जरी प्रॉपर्टी और बुर्ज खलीफा स्थित अपार्टमेंट भी शामिल बताए गए हैं। एजेंसी अब सौरभ को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कराने और उसकी संपत्तियां जब्त करने की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है

सौरभ चंद्राकर की भारत वापसी को महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले की जांच में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। अब रायपुर में होने वाली पूछताछ और अदालती कार्यवाही पर जांच एजेंसियों की नजर रहेगी।