मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी में सितारों का जमावड़ा, ऐश्वर्या-अभिषेक ने खींचा ध्यान

मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी में सितारों का जमावड़ा, ऐश्वर्या-अभिषेक ने खींचा ध्यान

ऐश्वर्या-अभिषेक ने हाथों में हाथ डालकर ली एंट्री, मलाइका-अर्जुन भी पहुंचे दिवाली पार्टी में

मुंबई में मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने गुरुवार रात अपनी सालाना दिवाली पार्टी का आयोजन किया। इस पार्टी में बॉलीवुड और बिजनेस जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। पार्टी में ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन की जोड़ी ने खास ध्यान खींचा।

 दोनों हाथों में हाथ थामे पहुंचे और पैपराजी के सामने साथ में पोज दिए।

वहीं, मलाइका अरोड़ा अपने कथित बॉयफ्रेंड और बिजनेसमैन हर्ष मेहता के साथ नजर आईं। खास बात यह रही कि उनके पूर्व पार्टनर अर्जुन कपूर भी इसी पार्टी में मौजूद थे। इसके अलावा करीना कपूर, सैफ अली खान, अक्षय कुमार, नीता अंबानी, कृति सेनन, दिशा पाटनी और करण जौहर समेत कई सितारों ने समारोह में शिरकत की।

हाथों में हाथ डालकर पहुंचे ऐश्वर्या-अभिषेक

पार्टी में ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन ने साथ एंट्री ली। ऐश्वर्या रेड कलर के ट्रेडिशनल आउटफिट में नजर आईं, जबकि अभिषेक ने ब्लैक आउटफिट पहना था। दोनों ने हाथों में हाथ थामकर पैपराजी के सामने तस्वीरें खिंचवाईं। इस दौरान दोनों एक-दूसरे को देखकर मुस्कुराते भी नजर आए।

कथित बॉयफ्रेंड हर्ष मेहता के साथ पहुंचीं मलाइका

मलाइका अरोड़ा पार्टी में अपने कथित बॉयफ्रेंड और बिजनेसमैन हर्ष मेहता के साथ पहुंचीं। उन्होंने पिंक और व्हाइट शिमरी लहंगा पहना था, जिसे डायमंड नेकलेस के साथ स्टाइल किया। हर्ष भारतीय परिधान में नजर आए। दोनों ने साथ में पार्टी में एंट्री ली और बाहर भी एक साथ निकले।

इसी पार्टी में मलाइका के पूर्व पार्टनर अर्जुन कपूर भी मौजूद रहे। दोनों की मौजूदगी ने भी लोगों का ध्यान खींचा।

गोल्डन साड़ी में करीना, सैफ और करिश्मा भी साथ पहुंचे

करीना कपूर खान अपने पति सैफ अली खान और बहन करिश्मा कपूर के साथ पार्टी में पहुंचीं। करीना ने गोल्डन सीक्वेंस साड़ी के साथ बैकलेस ब्लाउज पहना था। स्मोकी आई मेकअप ने उनके लुक को खास बनाया। वहीं, सैफ भी उनके साथ पैपराजी को पोज देते नजर आए।

अक्षय-ट्विंकल से लेकर नीता अंबानी तक पहुंचीं हस्तियां

मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी में अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना और बेटे के साथ पहुंचे। माधुरी दीक्षित भी अपने परिवार के साथ शामिल हुईं। इस दौरान उनके बेटे पहली बार अपनी गर्लफ्रेंड के साथ नजर आए।

इसके अलावा जाह्नवी कपूर, सारा अली खान, काजोल, नीता अंबानी, दिशा पाटनी और रवीना टंडन ने भी पार्टी में शिरकत की। रवीना गोल्डन ड्रेस में नजर आईं, जबकि बॉलीवुड की अन्य अभिनेत्रियों ने भी अपने खास फैशन लुक से समारोह में चार चांद लगाए।