Budget Session: संसद के बजट सत्र से पहले सस्पेंड सांसदों का निलंबन होगा रद्द
Budget Session: संसद के बजट सत्र से पहले सस्पेंड सांसदों का निलंबन होगा रद्द
नई दिल्ली। Budget Session: पिछले सत्र के निलंबित सांसदों के लिए खुशखबरी है कि अब सभी निलंबित सांसदों को सत्र से पहले बहाल कर दिया जाएगा। बता दें कि संसद का बजट सत्र कल से शुरू होने वाला है। इस सत्र से ठीक पहले सभी निलंबित सांसदों का निलंबन रद्द कर दिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, निलंबित सांसदों के निलंबन को रद्द करने के बारे में पूछे जाने पर संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा, ‘सभी (निलंबन) रद्द किए जाएंगे। मैंने (लोकसभा) अध्यक्ष और (राज्यसभा) सभापति से बात की है, मैंने उनकी ओर से भी अनुरोध किया है।’ इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘यह अध्यक्ष और सभापति के क्षेत्राधिकार में आता है। इसलिए, हमने उन दोनों से अनुरोध किया है कि वे संबंधित विशेषाधिकार प्राप्त समितियों से बात करें, निलंबन रद्द करें और उन्हें सदन में आने का अवसर दें। दोनों इस पर सहमत हो गए। उन्होंने कहा कि निलंबित सांसद कल से सदन में भी आएंगे।
बता दें कि लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले 31 जनवरी से आरंभ हो रहे संसद के बजट सत्र के मद्देनजर सरकार ने मंगलवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई, जिसमें विभिन्न दलों के नेता शामिल हुए। रक्षा मंत्री और लोकसभा में सदन के उपनेता राजनाथ सिंह, संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी और संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बैठक में सरकार का प्रतिनिधित्व किया।
संसद भवन परिसर में हुई इस बैठक में उपस्थित नेताओं में कांग्रेस के नेता कोडिकुनिल सुरेश, तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता टी आर बालू, शिवसेना के राहुल शेवाले, समाजवादी पार्टी के नेता एस टी हसन, जनता दल (यूनाइटेड) के नेता राम नाथ ठाकुर और तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के जयदेव गल्ला शामिल थे।
Newsdesk