नीतीश के पाला बदलने पर केजरीवाल बोले इससे ‘इंडिया गठबंधन को नुकसान
नीतीश के पाला बदलने पर केजरीवाल बोले इससे ‘इंडिया गठबंधन को नुकसान
नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पाला बदलने पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बिहार के उनके समकक्ष नीतीश कुमार ने विपक्षी ‘इंडिया गठबंधन से नाता तोड़कर सही काम नहीं किया है। उन्होंने उनके आचरण को लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं बताया। केजरीवाल ने पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि मैं महसूस करता हूं कि यह गलत है और उन्हें (इंडिया गठबंधन) नहीं छोड़ना चाहिए था। इस तरह का आचरण लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है। बता दें कि नीतीश कुमार ने रविवार को यह कहते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था कि बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन और राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी ‘इंडिया गठबंधन में उनके लिए चीजें ठीक नहीं चल रही थीं। उसके बाद उन्होंने भाजपा के सहयोग से नयी सरकार बना ली। हालांकि लगभग डेढ़ साल पहले ही उन्होंने भाजपा से नाता तोड़कर महागठबंधन की सरकार बनाई थी।
बता दें कि बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई में रविवार को नयी राजग सरकार के बनने से पहले महागठबंधन सरकार सत्ता में थी, और कुमार नीत जनता दल (यूनाइटेड), राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस और वामदल उसके घटक थे। वहीं सीएम केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) विपक्षी ‘इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और वह पांच राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों, दिल्ली, पंजाब, गुजरात, गोवा और हरियाणा में कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत कर रही है। हालांकि कांग्रेस और आप की पंजाब इकाइयों ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए राज्य में दोनों दलों के बीच किसी भी गठबंधन की संभावना से इनकार किया है।
Newsdesk