Copa America :अर्जेंटीना ने जीता कोपा अमेरिका का खिताब

Copa America :अर्जेंटीना ने जीता कोपा अमेरिका का खिताब

मियामी: अर्जेंटीना ने फाइनल में कोलंबिया को मात देकर कोपा अमेरिका खिताब अपने नाम कर लिया है। इसी के साथ फुटबाल के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेसी ने अपने नाम एक और खिताब जोड़ लिया है। यह अर्जेंटीना का 16वां कोपा अमेरिका खिताब है।

फाइनल मैच 90 मिनट के अंत तक 0-0 की बराबरी पर बना रहा, लेकिन एक्स्ट्रा टाइम के 112वें मिनट में इंटर मिलान के लौटारो मार्टिनेज ने गोल कर अर्जेंटीना को 1-0 से जीत दिलाई। मैच में टीम के कप्तान लियोनेल मेसी 66वें मिनट में चोटिल होकर बाहर हो गए थे। वह बेंच पर बैठकर खेल देख रहे थे और उनके दाहिने एंकल पर आइस पैक लगा हुआ था। हालांकि, मेसी की गैरमौजूदगी में भी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और जोवानी लो सेल्सो के असिस्ट पर मार्टिनेज ने गोल किया।

स्पेन ने 2008 से 2012 के बीच लगातार तीन इंटरनेशनल खिताब जीते थे, जिसमें दो यूरो और एक फीफा वर्ल्ड कप शामिल थे। अब अर्जेंटीना ने भी लगातार तीन ट्रॉफी जीत ली है। दो कोपा अमेरिका खिताब के साथ-साथ मेसी की टीम के पास भी फीफा वर्ल्ड कप है।

लियोनेल मेसी के करियर की यह चौथी इंटरनेशनल ट्रॉफी है। 2021 में कोपा अमेरिका के रूप में उन्होंने अपनी पहली ट्रॉफी जीती थी। 2022 में यूरो और कोपा अमेरिका के विजेता के बीच होने वाली आर्टेमियो फ्रैंची कप पर भी अर्जेंटीना ने कब्जा जमाया था। उसी साल मेसी ने अपना पहला फीफा वर्ल्ड कप जीता था। अब मेसी के ट्रॉफी कैबिनेट में एक और इंटरनेशनल ट्रॉफी जुड़ गई है।