ईरान-इजरायल के बीच संघर्ष के बाद Air India समेत कई एयरलाइंस ने डायवर्ट की फ्लाइट, कई एयरस्पेस बंद
ईरान-इजरायल संघर्ष का असर: एयरस्पेस बंद, एअर इंडिया समेत कई एयरलाइंस की फ्लाइट डायवर्ट या रद्द
नई दिल्ली: इजरायल ने शुक्रवार सुबह ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर जबरदस्त हवाई हमले किए, जिसके बाद पूरे ईरान में हड़कंप मच गया। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने इजरायल पर ड्रोन हमले किए, हालांकि इजरायली सेना का दावा है कि सभी ड्रोन को इंटरसेप्ट कर गिरा दिया गया और कोई भी ड्रोन उसकी सीमा तक नहीं पहुंच पाया।
इस तनावपूर्ण हालात का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला है। इजरायल, ईरान, इराक और जॉर्डन ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। इस फैसले से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हुई है। एयर इंडिया और कतर एयरवेज सहित कई प्रमुख एयरलाइंस को अपनी फ्लाइट्स या तो रद्द करनी पड़ीं या फिर उन्हें वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया।
एअर इंडिया की कई उड़ाने डायवर्ट
एअर इंडिया: कई फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया या ओरिजन पर वापस लौटाया गया। यात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है।
लुफ्थांसा: तेहरान से आने-जाने वाली सभी उड़ानें रद्द की गईं।
एयरोफ्लोट: मॉस्को-तेहरान मार्ग की सभी फ्लाइट्स रद्द।
इमीरेट्स: कई उड़ानें वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट।
फ्लाईदुबई: इजरायल और ईरान के बीच उड़ानें रद्द, अन्य डायवर्ट।
कतर एयरवेज: ईरान और इराक की सभी उड़ानें अस्थायी रूप से रद्द।
इजरायल ने दूतावास किए बंद:
बढ़ते खतरे को देखते हुए इजरायल ने दुनियाभर में अपने सभी दूतावास अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं। साथ ही अपने नागरिकों को सलाह दी है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर यहूदी या इजरायली प्रतीकों का प्रदर्शन न करें। हालांकि, दूतावासों के दोबारा खुलने की कोई स्पष्ट समयसीमा फिलहाल जारी नहीं की गई है।
news desk MPcg