हरियाली के संकल्प के साथ सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने मनाया 115वां स्थापना दिवस

1 / 1

1.

हरियाली के संकल्प के साथ सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने मनाया 115वां स्थापना दिवस

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के 115वें स्थापना दिवस के अवसर पर भोपाल में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 15 से 21 दिसंबर 2025 तक मनाए जा रहे स्थापना दिवस सप्ताह के अंतर्गत 15 दिसंबर को स्कोप यूनिवर्सिटी, भोपाल परिसर में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा हरित, स्वच्छ और सतत विकास की दिशा में समाज को प्रेरित करना रहा।

वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ अंचल प्रमुख भोपाल श्री धीरज गोयल द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक श्री प्रमोद मिश्रा, उप अंचल प्रमुख श्री डी.के. पाण्डेय, क्षेत्रीय प्रमुख श्री संजीव कुमार सहित अंचल एवं क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

अंचल प्रमुख श्री धीरज गोयल ने कहा कि बैंक स्थापना दिवस केवल बैंक की उपलब्धियों को स्मरण करने का अवसर नहीं है, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति अपने दायित्वों को समझने का भी अवसर है। वृक्ष धरती के आभूषण हैं, जो जीवन, स्वास्थ्य और संतुलित पर्यावरण का आधार हैं।

कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा समय-समय पर स्वच्छता अभियान, वित्तीय साक्षरता, सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया।