उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। प्रशासन ने परीक्षा को लेकर सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं।
एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव ने बताया कि पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगी। जिले में कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4467 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
हीट वेव को देखते हुए डीएम ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को पेयजल, पंखे, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाएं समय से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आयोग की गाइडलाइन का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे और मोबाइल फोन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों को पहले से बिजली और पॉवर प्वाइंट की जांच कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिले के नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, धर्म समाज महाविद्यालय, श्री वार्ष्णेय महाविद्यालय समेत कुल 11 संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पूरी तैयारी कर ली है।