रतलाम में रणथंभौर एक्सप्रेस के जनरल कोच से उठा धुआं, इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकी गई ट्रेन; सभी यात्री सुरक्षित
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब इंदौर से जोधपुर जा रही 12465 रणथंभौर एक्सप्रेस के जनरल कोच के पहिए के पास से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन को तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9:30 बजे आलोट स्टेशन से पहले लूनी रिछा क्षेत्र के पास हुई। धुआं उठते ही कोच में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया और रेलवे स्टाफ ने बिना देरी किए सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिया। महिलाओं, बच्चों और अन्य यात्रियों को सावधानीपूर्वक ट्रेन से उतारकर ट्रैक से सुरक्षित दूरी पर खड़ा किया गया।
रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर अग्निशमन यंत्रों की मदद से कोच के पहिए के पास लगी आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया और किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के चलते अप लाइन पर रेल संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। अवध एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को एहतियातन रोका गया, जिससे रेल यातायात पर असर पड़ा। तकनीकी जांच और सुरक्षा परीक्षण के बाद रणथंभौर एक्सप्रेस को दोबारा अपने गंतव्य जोधपुर के लिए रवाना कर दिया गया।
फिलहाल रेलवे अधिकारी घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग कोच के पहिए के समीप तकनीकी खराबी के चलते लगी हो सकती है, हालांकि अंतिम कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
news desk MPcg