सागर में फ्रेंडशिप-डे पर मातम, घोघरा जलप्रपात में डूबने से 12वीं छात्र की मौत

सागर में फ्रेंडशिप-डे पर मातम, घोघरा जलप्रपात में डूबने से 12वीं छात्र की मौत

सागर जिले के देवरी क्षेत्र के मुहली स्थित घोघरा जलप्रपात में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ घूमने और नहाने गए 12वीं कक्षा के छात्र ललित साहू की पानी में डूबने से मौत हो गई। फ्रेंडशिप-डे के दिन हुए इस हादसे के बाद परिवार और दोस्तों में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सरस्वती शिशु मंदिर देवरी के छह छात्र रविवार सुबह कोचिंग के लिए निकले थे। कोचिंग खत्म होने के बाद सभी दोस्त करीब 11 बजे मुहली स्थित घोघरा वॉटरफॉल पहुंचे। वहां उन्होंने मौजूद ग्रामीणों से पानी की गहराई के बारे में जानकारी ली थी। ग्रामीणों ने कुंड की गहराई करीब 40 से 45 फीट बताई थी।

मृतक छात्र के दोस्त अमन दांगी के अनुसार, ललित साहू और केशव रजक को तैरना नहीं आता था। दोनों शुरुआत में किनारे पर खड़े थे, जबकि अमन दांगी, आदित्य, हार्दिक स्वामी और मधुर दांगी पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान ललित और केशव भी पानी में उतर गए और दोनों डूबने लगे।

दोस्तों ने तुरंत बचाने का प्रयास किया और केशव रजक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन ललित साहू गहरे पानी में चला गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 3 बजे ललित साहू का शव जलप्रपात के नीचे पत्थरों के बीच से बरामद किया गया।

महाराजपुर थाना प्रभारी अजय भदौरिया ने बताया कि छात्र वॉटरफॉल में डूब गया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक छात्र के परिवार, सहपाठियों और क्षेत्र में शोक की लहर है।