हरियाणा में मौसम रहेगा शुष्क, दिन-रात के तापमान में आएगी गिरावट
हरियाणा में मौसम रहेगा शुष्क, दिन-रात के तापमान में आएगी गिरावट
हरियाणा में पिछले दो दिनों की बारिश और मौसमी बदलाव के बाद अब मौसम साफ होने लगा है। प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इसके साथ ही सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम में नमी वाली हवाओं के असर से लोगों को ठंड का अधिक एहसास होगा।
नारनौल में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिसार, सिरसा और बालसमंद में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रहा। करनाल में दिन का तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट हो सकती है।\
नमी वाली हवाओं से बढ़ेगी ठंड
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, पिछले दिनों बंगाल की खाड़ी की ओर से नमी वाली हवाएं प्रदेश में पहुंचीं। इसके चलते मौसम में बदलाव देखने को मिला। नमी के कारण सुबह और शाम हल्की ठंड बनी रहेगी।
किसानों को रबी फसलों की बुवाई की सलाह
मौसम की स्थिति को देखते हुए किसानों को सरसों और चने सहित रबी फसलों की बुवाई शुरू करने की सलाह दी गई है। सरसों की बुवाई के लिए RH 30 और RH 0749 किस्मों का इस्तेमाल किया जा सकता है। बुवाई से पहले बीजों को प्रति किलोग्राम 2 ग्राम कार्बेंडाजिम से उपचारित करने की सलाह दी गई है।
चना, जई और बरसीम की बुवाई भी शुरू करें
किसानों को चने की C 235 और HC 5 किस्मों की बुवाई शुरू करने के साथ चारे के लिए जई और बरसीम लगाने की सलाह दी गई है। वहीं धान की कटाई से करीब दो सप्ताह पहले सिंचाई बंद करने को कहा गया है। कपास की चुगाई ओस सूखने के बाद ही करने की सलाह दी गई है।
पराली न जलाने की अपील
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों से पराली नहीं जलाने की अपील की है। पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और मिट्टी की उर्वरता पर भी असर पड़ सकता है। ऐसे में किसानों को फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने की सलाह दी गई है।
news desk MPcg