हिमेश रेशमिया को सलमान से मिली थीं ज्यादा तालियां, आहत हुआ था भाईजान का ईगो
हिमेश रेशमिया को सलमान से मिली थीं ज्यादा तालियां, आहत हुआ था भाईजान का ईगो
बॉलीवुड में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जिन्हें सफलता से ज्यादा अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। हिमेश रेशमिया भी उन्हीं में से एक हैं। कभी उनके गाने चार्टबस्टर रहे, तो कभी उनकी आवाज को लेकर जमकर मजाक उड़ाया गया। किसी ने उन्हें 'नाक से गाने वाला सिंगर' कहा, तो किसी ने उनके अभिनय पर सवाल उठाए।
इसके बावजूद हिमेश ने संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई।
सलमान खान की फिल्मों से संगीतकार के रूप में करियर शुरू करने वाले हिमेश ने 'तेरे नाम', 'आशिक बनाया आपने' और 'झलक दिखला जा' जैसे गानों से देशभर में लोकप्रियता हासिल की। एक समय ऐसा भी आया, जब सलमान खान और हिमेश रेशमिया के रिश्तों में खटास की खबरें सामने आईं। इसकी वजह नागपुर में हुआ एक कॉन्सर्ट बताया गया, जहां कथित तौर पर सलमान से ज्यादा तालियां हिमेश के लिए बजी थीं। हालांकि, सालों बाद दोनों के रिश्ते फिर सुधर गए और उन्होंने साथ काम भी किया।
16 साल की उम्र में शुरू किया करियर
हिमेश रेशमिया का जन्म 23 जुलाई 1973 को मुंबई में हुआ था। उनके पिता विपिन रेशमिया भी संगीतकार थे। घर में संगीत का माहौल होने के कारण बचपन से ही उनकी रुचि संगीत की तरफ थी। हिमेश ने महज 16 साल की उम्र में काम करना शुरू कर दिया था।
उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि इतनी कम उम्र में ही उन्होंने अपना पहला टेलीविजन सीरियल प्रोड्यूस किया था।
टेलीविजन के लिए काम करते हुए उन्होंने संगीत की बारीकियां सीखीं। उनका सपना बॉलीवुड में संगीतकार बनने का था। शुरुआती दौर में उन्होंने छोटे प्रोजेक्ट्स पर काम किया और धीरे-धीरे फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई।
'तेरे नाम' ने दिलाई बॉलीवुड में पहचान
हिमेश के करियर को आगे बढ़ाने में सलमान खान की फिल्मों की अहम भूमिका रही। साल 1998 में फिल्म 'प्यार किया तो डरना क्या' से उन्हें बॉलीवुड में संगीतकार के रूप में बड़ा मौका मिला। इसके बाद उन्होंने 'बंधन', 'हैलो ब्रदर' और 'दुल्हन हम ले जाएंगे' जैसी फिल्मों में संगीत दिया।
हालांकि, 2003 में रिलीज हुई सलमान खान की फिल्म 'तेरे नाम' ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई।
फिल्म के गाने 'क्यों किसी को', 'तुमसे मिलना' और 'लगन लगी' युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हुए। इसके बाद 'हमराज', 'ऐतराज', 'मैंने प्यार क्यों किया' और 'आशिक बनाया आपने' जैसी फिल्मों में उनके संगीत की चर्चा होने लगी।
संगीतकार से सिंगर बने, आवाज को लेकर हुआ मजाक
संगीतकार के रूप में सफलता मिलने के बाद हिमेश ने खुद गायक बनने का फैसला किया। साल 2005 में फिल्म 'आशिक बनाया आपने' के टाइटल ट्रैक से उन्हें सिंगर के रूप में बड़ी पहचान मिली। यह गाना रिलीज होते ही युवाओं के बीच लोकप्रिय हो गया।
इसके बाद 'झलक दिखला जा', 'आशिकी में तेरी', 'तेरा सुरूर', 'जरा झूम झूम' और 'हुक्का बार' जैसे गानों ने उनकी लोकप्रियता बढ़ाई। हालांकि, उनकी गायकी को लेकर आलोचनाएं भी शुरू हो गईं।
कई लोग उनकी आवाज को नाक से गाने वाली आवाज बताकर मजाक उड़ाते थे।
2020 में हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में हिमेश ने स्वीकार किया था कि शुरुआती दौर में इस तरह की टिप्पणियों से उन्हें गुस्सा आता था। उन्होंने अपनी आवाज का बचाव करते हुए दिग्गज संगीतकार आरडी बर्मन का उदाहरण भी दिया था। इस पर आशा भोसले ने नाराजगी जताई थी, जिसके बाद हिमेश ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी थी।
सलमान से ज्यादा तालियां मिलने पर बढ़ी थी दूरियां
हिमेश रेशमिया और सलमान खान के बीच रिश्तों में खटास की वजह साल 2009 में नागपुर में हुआ एक कॉन्सर्ट बताया जाता है। मुंबई मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कार्यक्रम में सलमान और हिमेश दोनों ने स्टेज पर परफॉर्म किया था।
इस दौरान दर्शकों ने सलमान के मुकाबले हिमेश का ज्यादा उत्साह से स्वागत किया और उनके लिए ज्यादा तालियां बजाईं।
रिपोर्ट में दावा किया गया था कि इस घटना से सलमान का ईगो आहत हुआ था। इसके बाद दोनों के बीच दूरियां बढ़ने की खबरें सामने आईं। सलमान कई मौकों पर हिमेश की आवाज का मजाक भी उड़ाते थे।
हालांकि, जुलाई 2007 में टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में हिमेश ने नागपुर कॉन्सर्ट को लेकर दोनों के बीच मतभेद होने की बात स्वीकार की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि मामला सुलझ चुका है और दोनों अपने-अपने काम में व्यस्त हैं। वहीं, सलमान ने भी हिमेश से नाराजगी की खबरों को खारिज किया था।
'दस का दम' के सेट पर गले मिले सलमान और हिमेश
सितंबर 2009 में दोनों के रिश्ते सुधरने की खबर सामने आई। टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित मुंबई मिरर की रिपोर्ट के अनुसार, आरके स्टूडियो में 'दस का दम' के सेट पर सलमान और हिमेश की मुलाकात हुई थी। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया और पुराने दोस्तों की तरह मिले।
इसके बाद दोनों ने फिर साथ काम करना शुरू किया।
साल 2011 में रिलीज हुई सलमान खान की फिल्म 'बॉडीगार्ड' का संगीत हिमेश ने तैयार किया। फिल्म का गाना 'तेरी मेरी' काफी लोकप्रिय हुआ। इसके बाद 'किक' और 'प्रेम रतन धन पायो' जैसी फिल्मों में भी हिमेश ने सलमान के साथ काम किया।
फरवरी 2025 में पिंकविला को दिए इंटरव्यू में हिमेश ने सलमान के योगदान को याद करते हुए बताया था कि उन्होंने ही अपने करियर का पहला बड़ा मौका दिया था।
एक्टर बनने की कोशिश, लेकिन संगीत में मिली ज्यादा सफलता
संगीतकार और गायक के रूप में पहचान बनाने के बाद हिमेश ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा। साल 2007 में फिल्म 'आपका सुरूर: द रियल लव स्टोरी' से उन्होंने बतौर अभिनेता शुरुआत की। फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया मिली और हिमेश को लगा कि दर्शक उन्हें अभिनेता के रूप में भी स्वीकार कर सकते हैं।
इसके बाद 'कर्ज्ज्ज', 'रेडियो', 'दमादम' और 'द एक्सपोज' जैसी फिल्मों में नजर आए। 2012 में 'खिलाड़ी 786' में उन्होंने अक्षय कुमार के साथ काम किया। हालांकि, अभिनय में उन्हें संगीत जैसी लगातार सफलता नहीं मिल सकी।
साल 2020 में फिल्म 'हैप्पी हार्डी एंड हीर' में वह डबल रोल में नजर आए। इसके बाद 2025 में रिलीज हुई 'बैडएस रवि कुमार' में उन्होंने अभिनय के साथ प्रोडक्शन, संगीत निर्देशन, गायकी और लेखन की जिम्मेदारी भी संभाली।
अब बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ संगीत की दुनिया में वापसी
अभिनय में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बाद हिमेश ने एक बार फिर संगीत पर ज्यादा ध्यान देना शुरू किया। 'प्रेम रतन धन पायो' के गानों से उन्होंने अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अब उनके पास कई बड़े फिल्मी प्रोजेक्ट्स हैं।
साल 2026 में सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस फिल्म का संगीत हिमेश ने तैयार किया है। इसके अलावा इमरान हाशमी, जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना की फिल्म 'गनमास्टर जी9' का संगीत भी उन्होंने दिया है।
दोनों फिल्में 27 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली हैं।
वहीं, विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म '1920: कोल्ड विंटर' और अनिल शर्मा की फिल्म 'अर्जुन नागा' के लिए भी वह संगीत तैयार कर रहे हैं।
आलोचनाओं, विवादों और करियर के उतार-चढ़ाव के बावजूद हिमेश रेशमिया ने संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाए रखी है। उनकी कहानी बताती है कि लोकप्रियता के साथ आलोचनाएं भी आती हैं, लेकिन लगातार काम करते रहना ही किसी कलाकार की सबसे बड़ी ताकत होती है।
news desk MPcg