नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन: 821 चोरी के मोबाइल बरामद, 8 आरोपी गिरफ्तार | 6–8 करोड़ की मोबाइल चोरी का भंडाफोड़

यूपी के नोएडा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के 821 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत 6 से 8 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में गोविंदा महतो, रोहित सैनी, श्याम राय, भरतिया महतो, शेखर, प्रदीप समेत दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है।

1 / 1

1.

उत्तर प्रदेश के नोएडा में पुलिस ने मोबाइल चोरी के एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 821 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 6 से 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई को नोएडा पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी मोबाइल रिकवरी में से एक माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार इस मामले में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें गोविंदा महतो, रोहित सैनी, श्याम राय, भरतिया महतो, शेखर और प्रदीप शामिल हैं, जबकि दो आरोपी नाबालिग हैं। सभी आरोपी झारखंड और बिहार के रहने वाले हैं और संगठित तरीके से मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह खासतौर पर सर्दियों के मौसम में सक्रिय रहता था। आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों, बस स्टैंड और मेट्रो स्टेशनों पर जैकेट की जेब में मोबाइल रखने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद मोबाइल फोन एकत्र किए जाते और फिर उन्हें बिहार व झारखंड ले जाकर वहां अवैध रूप से बेच दिया जाता था।

नोएडा पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और लगातार निगरानी के बाद इस गिरोह को दबोचा। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा चोरी के मोबाइल किन-किन जगहों पर सप्लाई किए गए। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।