धार भोजशाला में नया विवाद: 1 रुपये के टिकट पर बवाल, ASI की व्यवस्था पर उठे सवाल, ‘भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद’ लिखे टिकट का विरोध तेज
मध्यप्रदेश के धार स्थित भोजशाला एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गई है। इस बार मामला एएसआई द्वारा श्रद्धालुओं से लिए जा रहे 1 रुपये के प्रवेश टिकट को लेकर गरमा गया है। हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस ने इस व्यवस्था पर कड़ी आपत्ति जताते हुए टिकट प्रणाली को तुरंत बंद करने की मांग की है।
टिकट व्यवस्था पर उठे सवाल
भोजशाला मामले के याचिकाकर्ता और हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस के जिलाध्यक्ष आशीष गोयल ने आरोप लगाया कि अब भी पुराने प्रारूप के टिकट जारी किए जा रहे हैं। इन टिकटों पर “भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद” अंकित है, जिसे लेकर विरोध तेज हो गया है।
हाईकोर्ट के फैसले का हवाला
आशीष गोयल का कहना है कि इंदौर हाईकोर्ट की खंडपीठ भोजशाला को मंदिर मान चुकी है। ऐसे में मंदिर में प्रवेश के लिए टिकट लेने का कोई औचित्य नहीं रह जाता। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में लागू की गई टिकट व्यवस्था अदालत के आदेश के बाद समाप्त हो जानी चाहिए थी, लेकिन अब तक इसे जारी रखा गया है।
बंद गणपति कक्ष खोलने की मांग
संगठन ने भोजशाला परिसर में बंद पड़े गणपति कक्ष को श्रद्धालुओं के लिए खोलने की मांग भी उठाई है। इसके साथ ही सर्वे के दौरान मिली मूर्तियों को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने की मांग की गई है।
ASI की व्यवस्था पर नाराजगी
हिंदू संगठनों ने एएसआई की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि कोर्ट के फैसले के बाद भी पुराने नियम लागू रखना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से जल्द व्यवस्था में बदलाव करने की मांग की है।
फिर चर्चा में आई भोजशाला
भोजशाला लंबे समय से धार्मिक और कानूनी विवादों का केंद्र रही है। अब 1 रुपये के टिकट और पुराने नाम वाले प्रवेश पास को लेकर शुरू हुआ विवाद एक बार फिर इस मुद्दे को सुर्खियों में ले आया
news desk MPcg