प्रधानमंत्री मोदी की कैबिनेट बैठक आज: 12 वर्षों के कामकाज की समीक्षा, नीतियों और मंत्रालयों के प्रदर्शन पर होगा मंथन
नई दिल्ली में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक ‘सेवा तीर्थ’ में आयोजित की जा रही है और इस साल की पहली कैबिनेट बैठक मानी जा रही है।
बैठक का मुख्य एजेंडा
इस उच्चस्तरीय बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और अन्य राज्य मंत्री शामिल होंगे। बैठक का मुख्य फोकस विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज की समीक्षा, सरकारी नीतियों के क्रियान्वयन और आने वाले महीनों की प्राथमिकताओं पर रहेगा।
लंबी बैठक की संभावना
शाम 4:30 बजे शुरू होने वाली यह बैठक लगभग 4 से 5 घंटे तक चलने की संभावना है। सभी मंत्रालयों ने पहले ही अपने पिछले वर्षों के सुधार कार्यों और उपलब्धियों की विस्तृत रिपोर्ट कैबिनेट सचिवालय को सौंप दी है, जिन पर चर्चा की जाएगी।
प्रमुख मुद्दों पर चर्चा
सूत्रों के अनुसार बैठक में ऊर्जा, कृषि, उर्वरक, विमानन, शिपिंग और लॉजिस्टिक्स जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष चर्चा होगी। इसके साथ ही आम जनता से जुड़े मुद्दों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विचार किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय हालात पर भी नजर
बैठक में मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और ईरान युद्ध के संभावित आर्थिक प्रभावों पर भी चर्चा हो सकती है। खासकर ऊर्जा कीमतों और व्यापार पर इसके असर को लेकर सरकार रणनीति तय कर सकती है।
12 वर्षों की उपलब्धियों की समीक्षा
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब केंद्र सरकार 9 जून को अपने 12 वर्ष पूरे करने जा रही है। ऐसे में सरकार के पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तृत मंथन होने की उम्मीद है। यह बैठक आने वाले समय में नीतिगत दिशा तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
news desk MPcg