अमेरिका-ईरान शांति समझौते के बाद बाजार में लगातार तेजी, सेंसेक्स 76,500 के पार

अमेरिका-ईरान शांति समझौते के बाद बाजार में लगातार तेजी, सेंसेक्स 76,500 के पार

अमेरिका-ईरान शांति समझौते के बाद बाजार में लगातार तेजी, सेंसेक्स 76,500 के पार

मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते और होर्मुज स्ट्रेट के दोबारा खुलने की खबरों का असर भारतीय शेयर बाजार पर लगातार दूसरे दिन भी देखने को मिला। मंगलवार को घरेलू बाजार की शुरुआत मजबूत तेजी के साथ हुई और दोनों प्रमुख इंडेक्स हरे निशान में खुले।

सेंसेक्स और निफ्टी में मजबूत शुरुआत

बीएसई सेंसेक्स, जो पिछले बंद 76,264 के मुकाबले मजबूती के साथ खुला, शुरुआती कारोबार में 76,586 के स्तर तक पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी भी सोमवार के 23,853 के बंद स्तर से उछलकर 23,944 पर खुला और करीब 24,000 के स्तर के आसपास ट्रेड करता नजर आया।

लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बाजार में सकारात्मक रुझान बना हुआ है। सोमवार को भी बाजार ने मजबूती के साथ बंद होकर निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया था।

बैंक निफ्टी और सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी

बैंक निफ्टी ने भी मजबूत शुरुआत की और 57,198 के मुकाबले 57,320 के स्तर पर खुला। बैंकिंग शेयरों में खरीदारी का रुझान साफ देखा गया।

सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी आईटी 28,237 और निफ्टी एफएमसीजी 49,158 के स्तर पर खुले, जिससे IT और FMCG सेक्टर में भी मजबूती देखने को मिली।

इन शेयरों में दिखी तेजी और दबाव

शुरुआती कारोबार में एचसीएल टेक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फाइनेंस और एलएंडटी जैसे बड़े शेयरों में मजबूत खरीदारी देखी गई।

वहीं दूसरी ओर टाटा स्टील, पावर ग्रिड और एक्सिस बैंक के शेयरों पर हल्का दबाव नजर आया।

मिडकैप और स्मॉलकैप सेगमेंट में भी तेजी रही, जहां सुजलॉन, जीएमआर एयरपोर्ट, डिक्सन और यस बैंक जैसे शेयरों में 1% से 3% तक की बढ़त देखी गई। स्मॉलकैप में लल पाथ लैब में करीब 7% की जोरदार तेजी दर्ज की गई।

कच्चे तेल में गिरावट से बाजार को मिला सपोर्ट

बाजार में इस तेजी का सबसे बड़ा कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रेंट क्रूड 80 डॉलर प्रति बैरल के करीब कारोबार कर रहा है, जबकि मर्बन क्रूड में लगभग 7% की गिरावट दर्ज की गई।

विश्लेषकों के मुताबिक, तेल कीमतों में गिरावट से महंगाई का दबाव कम होगा और इससे भारतीय अर्थव्यवस्था व शेयर बाजार दोनों को राहत मिली है।

गिफ्ट निफ्टी ने पहले ही दिए थे संकेत

गिफ्ट निफ्टी ने भी सुबह 23,894 के स्तर पर ट्रेड कर बाजार में तेजी के संकेत पहले ही दे दिए थे। इससे निवेशकों की धारणा मजबूत हुई और बाजार में खरीदारी बढ़ी।

रुपया भी हुआ मजबूत

कच्चे तेल में गिरावट का असर भारतीय मुद्रा पर भी दिखा। मंगलवार को रुपया 8 पैसे मजबूत होकर 94.63 प्रति डॉलर पर खुला, जबकि पिछले सत्र में यह 94.71 पर बंद हुआ था।