पटना में 500 रुपये के विवाद में दोस्ती हुई तार-तार, युवक पर सरेआम चाकू से हमला

पटना में 500 रुपये के विवाद में दोस्ती हुई तार-तार, युवक पर सरेआम चाकू से हमला

राजधानी पटना के श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र में 500 रुपये के मामूली लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ऑटोमस रेस्टोरेंट के बाहर हुई इस घटना में एक युवक पर उसके ही दोस्त ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घायल युवक की पहचान अनिसाबाद के चितकोहरा निवासी गौतम राज सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान सुधांशु कुमार के रूप में की गई है, जो मूल रूप से नालंदा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में जक्कनपुर इलाके में रह रहा था।

लंबे समय से साथ काम करते थे दोनों

जानकारी के अनुसार, गौतम और सुधांशु पिछले लगभग पांच वर्षों से श्रीकृष्णापुरी स्थित ऑटोमस रेस्टोरेंट में साथ काम कर रहे थे। इस दौरान दोनों के बीच अच्छी दोस्ती भी थी। लेकिन हाल के दिनों में मोबाइल फोन और उससे जुड़े 500 रुपये के लेन-देन को लेकर उनके रिश्तों में खटास आ गई थी।

कहासुनी से लेकर चाकूबाजी तक पहुंचा विवाद

घटना 11 मई की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। रेस्टोरेंट के बाहर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे मारपीट में बदल गई। इसी दौरान गुस्से में आकर सुधांशु ने गौतम पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने पेट पर कई बार हमला किया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया।

गंभीर हालत में AIIMS पटना रेफर

घायल गौतम को पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस ने पहुंचकर उसका बयान दर्ज किया। बाद में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए AIIMS Patna रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी सुधांशु कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Patna पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद किस स्तर तक बढ़ा और घटना के पीछे असली कारण क्या था।