कुमारसैन में दर्दनाक हादसा: सतलुज नदी में अनियंत्रित कार गिरी, चालक लापता; दूसरे दिन भी NDRF का रेस्क्यू जारी

कुमारसैन में दर्दनाक हादसा: सतलुज नदी में अनियंत्रित कार गिरी, चालक लापता; दूसरे दिन भी NDRF का रेस्क्यू जारी

शिमला (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कुमारसैन थाना क्षेत्र में लुहरी–आनी सड़क पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नौरी के पास एक कार अनियंत्रित होकर सीधे सतलुज नदी में गिर गई। हादसे के बाद से वाहन चालक लापता है और दूसरे दिन भी उसकी तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है।

यह दुर्घटना सोमवार, 15 जून की शाम करीब 6 बजे हुई बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, लुहरी-सैंज मार्ग पर पराशन की ओर से आ रही एक सफेद और सिल्वर रंग की कार मोड़ पर अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन ने पहले सड़क किनारे पलटी खाई और फिर सीधे गहरी खाई से होते हुए सतलुज नदी में जा गिरी। तेज बहाव के कारण कार कुछ ही पलों में पानी में समा गई।

प्रत्यक्षदर्शी ने देखा हादसा

घटना के प्रत्यक्षदर्शी मानसुख, निवासी गांव लभोरा ने बताया कि वह नौरी क्षेत्र में एक ऑटोमोबाइल मैकेनिक की दुकान चलाते हैं। हादसे के समय वह दुकान से नीचे नदी की ओर गए थे, तभी उन्होंने कार को अनियंत्रित होकर गिरते हुए देखा। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार वाहन तेज गति में था और मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सीधे नदी में जा गिरी।

तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका

पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर माना है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ हो सकता है। इसी आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। मंगलवार को भी एनडीआरएफ और प्रशासन की टीम ने सतलुज नदी में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अभी तक कार या चालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

रेस्क्यू टीम नदी के तेज बहाव और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच तलाश अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक वाहन या लापता चालक का पता नहीं चल जाता, सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।

पुलिस जांच जारी

मामले की जांच पुलिस चौकी सैंज के जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल राकेश (नंबर 82) द्वारा की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं।

उधर, डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद से रेस्क्यू टीम लगातार सतलुज नदी में खोज अभियान चला रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।