जबलपुर को विकास की सौगात, मेडिकल यूनिवर्सिटी का ऐलान
जबलपुर को विकास की सौगात, मेडिकल यूनिवर्सिटी का ऐलान
जबलपुर के विकास को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कई बड़ी घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि जबलपुर मेडिकल यूनिवर्सिटी को एम्स की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जिससे शहर और आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा शनिवार को नगर निगम द्वारा आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान की। इस दौरान उन्होंने जबलपुर में फर्नीचर क्लस्टर बनाने और हर विधानसभा क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय खोलने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव ने 362.31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अमृत 1.0 सीवेज परियोजना का लोकार्पण किया। इसके अलावा सिविल लाइन में आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉडर्न लॉन्ड्री और गुरंदी में करीब 2.5 करोड़ रुपये की लागत से बने पक्के मत्स्य बाजार का भी लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़े क्षेत्रों को मजबूत करना है। जबलपुर में मेडिकल यूनिवर्सिटी, फर्नीचर क्लस्टर और सांदीपनि विद्यालय जैसी योजनाएं शहर के विकास को नई दिशा देंगी।
news desk MPcg