उज्जैन: दुष्कर्म आरोपों में घिरे महामंडलेश्वर ज्ञानदास का साधु समाज ने किया बहिष्कार, आश्रम-मठों में प्रवेश पर रोक

उज्जैन: दुष्कर्म आरोपों में घिरे महामंडलेश्वर ज्ञानदास का साधु समाज ने किया बहिष्कार, आश्रम-मठों में प्रवेश पर रोक

उज्जैन में निर्मोही अखाड़े के महामंडलेश्वर ज्ञानदास पर लगे दुष्कर्म और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोपों के बाद साधु समाज ने बड़ा फैसला लिया है। साधु समाज ने महामंडलेश्वर ज्ञानदास का बहिष्कार करते हुए उन्हें आश्रमों और मठों में प्रवेश पर रोक लगा दी है।

संत समाज की ओर से निर्मोही अखाड़े के अध्यक्ष महंत राजेंद्र दास महाराज को पत्र लिखकर ज्ञानदास को पद से हटाने की मांग भी की गई है। साधु समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि इस मामले से संत परंपरा और धार्मिक संस्थाओं की छवि को नुकसान पहुंचा है।

मामले में महाकाल थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर महामंडलेश्वर ज्ञानदास के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि आश्रम में संपर्क के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया और कथित तौर पर वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, ज्ञानदास सदावल रोड स्थित दादू आश्रम से जुड़े रहे हैं। आरोप सामने आने के बाद संत समाज में नाराजगी बढ़ी और अब उनके धार्मिक आयोजनों व आश्रमों में प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।