मेक्सिको ने जीत से किया वर्ल्ड कप अभियान का आगाज, 17 वर्षीय गिलबर्टो मोरा ने 96 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मेक्सिको ने शानदार शुरुआत करते हुए अपने पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 2-0 से हराकर जीत दर्ज की। टीम ने दमदार प्रदर्शन के दम पर पूरे मैच में नियंत्रण बनाए रखा, लेकिन मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा 17 वर्षीय युवा खिलाड़ी गिलबर्टो मोरा रहे, जिन्होंने मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया।
गिलबर्टो मोरा वर्ल्ड कप मैच खेलने वाले मेक्सिको के सबसे युवा फुटबॉलर बन गए। उन्होंने 17 साल और 240 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल करते हुए 96 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड मेनुअल रोसास के नाम था, जिन्होंने 1930 में 18 साल 134 दिन की उम्र में वर्ल्ड कप में पदार्पण किया था।
मैच के 65वें मिनट में कोच ने मोरा को मैदान पर उतारा। उस समय मेक्सिको 1-0 की बढ़त बनाए हुए था। मोरा के मैदान पर आने के कुछ ही मिनट बाद टीम ने दूसरा गोल दागकर अपनी बढ़त मजबूत कर ली। इसके बाद साउथ अफ्रीका वापसी नहीं कर सका और मुकाबला 2-0 से मेक्सिको के नाम रहा।
कौन हैं गिलबर्टो मोरा
चियापास में जन्मे गिलबर्टो मोरा को मेक्सिको के सबसे प्रतिभाशाली युवा मिडफील्डरों में गिना जाता है। उन्होंने क्लब तिजुआना यूथ अकादमी से अपने करियर की शुरुआत की और कम उम्र में ही सीनियर टीम में जगह बना ली। महज 17 वर्ष की उम्र में उनके नाम 50 से अधिक सीनियर मैच खेलने का अनुभव दर्ज है।
उनके लगातार शानदार प्रदर्शन से प्रभावित होकर कोच जेवियर एगुएरे ने उन्हें फीफा वर्ल्ड कप 2026 की टीम में शामिल किया। इससे पहले 2025 में भी मोरा ने मेक्सिको की सीनियर राष्ट्रीय टीम के लिए पदार्पण कर सबसे युवा खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया था।
फुटबॉल विशेषज्ञों का मानना है कि गिलबर्टो मोरा आने वाले वर्षों में मेक्सिको फुटबॉल के सबसे बड़े सितारों में शामिल हो सकते हैं। वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में रिकॉर्ड बनाकर उन्होंने यह संकेत दे दिया है कि भविष्य में वह अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल के बड़े मंच पर अपनी अलग पहचान बनाने की क्षमता रखते हैं।
news desk MPcg