नागपुर में एयरफोर्स अफसर की पत्नी ने लगाए रेप और जबरन धर्मांतरण के आरोप, VIDEO आने के बाद मचा हड़कंप

नागपुर में एयरफोर्स अफसर की पत्नी ने लगाए रेप और जबरन धर्मांतरण के आरोप, VIDEO आने के बाद मचा हड़कंप

महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां भारतीय वायुसेना (IAF) के एक अधिकारी की 24 वर्षीय पत्नी ने अपने पूर्व स्कूल क्लासमेट पर रेप, ब्लैकमेलिंग, जबरन धर्मांतरण और लाखों रुपये की वसूली जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, मुख्य आरोपी अय्याज ताज मदारे ने पहले दोस्ती और फिर प्लॉट खरीदने के बहाने संपर्क बढ़ाया। इसके बाद कथित रूप से उसे होटल बुलाकर नशीला पदार्थ पिलाया गया और बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। महिला का आरोप है कि इस दौरान आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया।

'मुझे छोड़ दो' कहते हुए रोती दिखी महिला

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में महिला रोते हुए "मुझे छोड़ दो" कहती नजर आती है। वीडियो में एक व्यक्ति उसके हाथ पकड़े हुए कुछ धार्मिक मंत्र पढ़ता दिखाई दे रहा है, जबकि महिला खुद को छुड़ाने की कोशिश करती दिखती है। वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इसकी जांच पुलिस कर रही है।

जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप

महिला का आरोप है कि उसे धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर कई रस्में कराई गईं और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। शिकायत के मुताबिक, उसे नागपुर के पास एक स्थान पर ले जाकर कुछ लोगों ने कथित तौर पर धार्मिक प्रक्रिया पूरी कराई और जबरन "कबूल है" कहलवाया। महिला का दावा है कि उसे बताया गया कि उसका आरोपी से निकाह करा दिया गया है।

पति के लौटने पर खुला पूरा मामला

पीड़िता ने बताया कि जब उसके पति ड्यूटी से वापस लौटे, तब उसने पूरी घटना उन्हें बताई। इसके बाद दोनों ने पुलिस से संपर्क किया और मामला दर्ज कराया गया।

रेप, ब्लैकमेल और जबरन धर्मांतरण समेत कई धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने आरोपी और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ दुष्कर्म, बार-बार यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली, जबरन धर्म परिवर्तन और महाराष्ट्र अंधश्रद्धा एवं काला जादू विरोधी कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।