आगरा में युवक की मौत के बाद बेकाबू हुआ गुस्सा पुलिस पर पथराव, दरोगा की वर्दी फाड़ी, आधा किलोमीटर तक दौड़ाया
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद हालात अचानक हिंसक हो गए। गुस्साई भीड़ ने फतेहाबाद-फिरोजाबाद हाईवे पर जाम लगा दिया और पुलिस पर पथराव कर दिया। इस दौरान एक पुलिस वाहन का शीशा तोड़ दिया गया, एक दरोगा की वर्दी फाड़ दी गई और पुलिसकर्मियों को जान बचाने के लिए करीब आधा किलोमीटर तक दौड़ना पड़ा।
घटना सोमवार शाम फतेहाबाद थाना क्षेत्र के पूठपुरा गांव के पास हुई, जहां तेज रफ्तार थार ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारने के बाद बाइक और स्कूटी सवार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 23 वर्षीय मनीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
चार महीने पहले हुई थी शादी
मृतक मनीष आगरा के बहादुरपुर खास गांव का रहने वाला था और चार महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। वह अपनी ससुराल से लौट रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया।
गुस्साए लोगों ने हाईवे जाम कर किया प्रदर्शन
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग जाम कर दिया। इसी दौरान मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन माहौल और बिगड़ गया।
भीड़ ने पहले दुर्घटना में शामिल थार गाड़ी में तोड़फोड़ की और फिर पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पत्थरबाजी में पुलिस की मोबाइल वैन का पिछला शीशा टूट गया, जबकि एक दरोगा की वर्दी फाड़ दी गई।
पुलिसकर्मियों को दौड़ाकर भगाया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों को करीब आधा किलोमीटर तक दौड़ाया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिसकर्मियों को पीछे हटकर अपनी जान बचानी पड़ी। बाद में पांच थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
मंत्री भी पहुंचे, कार्रवाई का दिया भरोसा
घटना के दौरान मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन शुरुआत में लोग मानने को तैयार नहीं थे।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
डीसीपी अभिषेक कुमार अग्रवाल ने बताया कि दुर्घटना करने वाली थार और ट्रैक्टर पुलिस के कब्जे में हैं। वाहन के दस्तावेजों के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और पथराव व उपद्रव करने वालों की पहचान भी सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के जरिए की जा रही है।
फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
news desk MPcg