रीवा में संविदाकार के ठिकानों पर ईडी की बड़ी छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संविदाकार के आवास और संबंधित ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोपों के तहत की जा रही है।
सुबह 6 बजे शुरू हुई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ सुबह करीब 6 बजे इंद्रा नगर स्थित संविदाकार त्रिवेणी प्रसाद मिश्रा के आवास पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई।
सरकारी ठेकों से जुड़ा लंबा कारोबार
जानकारी के मुताबिक, आरोपी संविदाकार पिछले लगभग 15 वर्षों से पीडब्ल्यूडी, जल संसाधन विभाग और नगर निगम से जुड़े करोड़ों रुपये के सरकारी ठेके लेता रहा है। रीवा के अलावा सतना, सीधी और मऊगंज जिलों में भी उसकी फर्मों के काम होने की बात सामने आई है।
शेल कंपनियों के जरिए लेन-देन का शक
ईडी को संदेह है कि संविदाकार ने कथित तौर पर कई शेल कंपनियों के जरिए सरकारी धन को निजी संपत्ति में बदला है। इसी आधार पर प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत यह कार्रवाई की जा रही है।
दस्तावेज और लेन-देन की जांच जारी
छापेमारी के दौरान ईडी की टीम ने कई दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजात खंगालने शुरू किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
इलाके में चर्चा तेज
ईडी की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। लोग बड़े सरकारी ठेकों और अचानक बढ़ी संपत्ति को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
news desk MPcg