खान सर कोचिंग विवाद में बड़ा अपडेट, ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद को मिली जमानत
पटना के चर्चित खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) कोचिंग सेंटर विवाद में जेल में बंद ज्ञान बिंदु संस्थान के डायरेक्टर रौशन आनंद को पटना सिविल कोर्ट से जमानत मिल गई है। यह राहत ऐसे समय मिली है जब उनके छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई है।
12 दिन बाद जेल से बाहर आएंगे रौशन आनंद
2 जून को पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर पर हुए हंगामे और हमले के मामले में रौशन आनंद, उनके भाई प्रिंस यादव और अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने 3 जून को रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
भाई की संदिग्ध मौत के बीच मिली राहत
रौशन आनंद की जमानत ऐसे समय हुई है जब एक दिन पहले उनके भाई प्रिंस यादव नेपाल के विराटनगर के एक होटल में मृत पाए गए। स्थानीय पुलिस ने मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है और मौत के कारणों की जांच जारी है।
बताया गया है कि प्रिंस यादव के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि होटल के कमरे से मिर्गी की दवाइयां भी बरामद हुई हैं। उनका अंतिम संस्कार सहरसा में किया जाना है।
खान सर की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक
इसी मामले में खान सर (फैजल खान) की गिरफ्तारी पर अदालत ने 20 जून तक रोक लगा रखी है। दूसरी ओर, प्रिंस यादव की मौत को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
राजद नेता तेज प्रताप यादव ने इसे हत्या बताया है, जबकि खान सर ने बयान जारी कर घटना पर दुख जताते हुए कहा कि प्रिंस पहले से बीमार थे और किसी ने उनकी हत्या नहीं की।
news desk MPcg