राहुल गांधी को MP हाईकोर्ट से फिलहाल राहत नहीं: मानहानि मामले में सुनवाई 23 जून तक टली
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट से फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। यह मामला कार्तिकेय चौहान मानहानि प्रकरण से जुड़ा हुआ है, जिसमें भोपाल की एमपी-एमएलए कोर्ट के समन को चुनौती दी गई थी।
हाईकोर्ट ने रिकॉर्ड तलब किए
जबलपुर स्थित मप्र हाई कोर्ट में बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने भोपाल एमपी-एमएलए कोर्ट की ऑर्डर शीट और संबंधित रिकॉर्ड तलब किए हैं। साथ ही राहुल गांधी की ओर से पेश वकीलों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए समय दिया गया।
अगली सुनवाई 23 जून को
मामले की अगली सुनवाई अब 23 जून 2026 को होगी। तब तक कोर्ट ने दोनों पक्षों को रिकॉर्ड और दस्तावेज तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला
यह विवाद उस बयान से जुड़ा है जिसमें आरोप है कि राहुल गांधी ने एक सार्वजनिक मंच से कार्तिकेय चौहान का नाम पनामा पेपर्स लीक मामले से जोड़कर टिप्पणी की थी। इसी बयान के आधार पर उनके खिलाफ मानहानि का केस दर्ज किया गया था।
राहुल गांधी ने भोपाल की विशेष अदालत द्वारा जारी समन को हाई कोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें उन्होंने प्रक्रिया और आधार पर सवाल उठाए हैं।
कानूनी प्रक्रिया जारी
फिलहाल कोर्ट ने मामले पर कोई अंतिम फैसला नहीं दिया है और पूरी सुनवाई प्रक्रिया जारी है।
news desk MPcg