2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा भारत, ग्लासगो में भारत को सौंपा गया आधिकारिक ध्वज और होस्ट बैटन

2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा भारत, ग्लासगो में भारत को सौंपा गया आधिकारिक ध्वज और होस्ट बैटन

स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के समापन समारोह में भारत ने आधिकारिक रूप से 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की जिम्मेदारी संभाल ली है। समापन समारोह के दौरान कॉमनवेल्थ गेम्स का आधिकारिक ध्वज (Commonwealth Games Flag) और होस्ट बैटन (Host Baton) भारत को सौंपे गए। यह परंपरा हर कॉमनवेल्थ गेम्स के अंत में अगले मेजबान देश को आयोजन की जिम्मेदारी सौंपने के प्रतीक के रूप में निभाई जाती है.

2030 कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन गुजरात के अहमदाबाद शहर में होगा। यह कॉमनवेल्थ गेम्स का 100वां (Centenary Edition) संस्करण होगा, इसलिए इसे ऐतिहासिक आयोजन माना जा रहा है। ध्वज और बैटन भारतीय प्रतिनिधिमंडल की ओर से ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. उषा और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने आधिकारिक रूप से ग्रहण किए।

समापन समारोह में भारत की संस्कृति, विरासत और मेजबानी की झलक भी प्रस्तुत की गई। इसके साथ ही दुनिया को यह संदेश दिया गया कि भारत अब 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के लिए तैयार है। इससे पहले भारत ने वर्ष 2010 में नई दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स का सफल आयोजन किया था और अब लगभग दो दशक बाद यह प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिता एक बार फिर भारत लौटेगी।

ग्लासगो में 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के समापन के साथ ही अब अहमदाबाद 2030 की तैयारियों का आधिकारिक काउंटडाउन शुरू हो गया है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस आयोजन से भारत के खेल ढांचे, पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय पहचान को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।