पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने पिता को याद करते हुए भावुक संदेश साझा किया और उनके सपनों को पूरा करने का संकल्प दोहराया।
राहुल गांधी ने अपने बचपन की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि राजीव गांधी ने जिस आधुनिक, समृद्ध और मजबूत भारत की कल्पना की थी, उसे साकार करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पिता की सीख, संस्कार और यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी।
कौनसे नेता हुए थे शामिल
इस अवसर पर दिल्ली स्थित वीर भूमि पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई नेताओं ने पहुंचकर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राजीव गांधी ने 21वीं सदी के भारत की नींव रखी। उनके कार्यकाल में मतदान की उम्र 18 वर्ष की गई, पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत किया गया और देश में सूचना प्रौद्योगिकी व दूरसंचार क्रांति की शुरुआत हुई।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि राजीव गांधी का प्रगतिशील दृष्टिकोण, देश की एकता के लिए उनका योगदान और उनका बलिदान हमेशा प्रेरणादायक रहेगा।
राजीव गांधी 1984 से 1989 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। 1991 में तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में चुनाव प्रचार के दौरान उनकी हत्या कर दी गई थी। उन्हें आधुनिक भारत की तकनीकी और विकास यात्रा की शुरुआत करने वाले नेताओं में गिना जाता है।