भागवत की टिप्पणी के बाद क्या प्रधानमंत्री मोदी करेंगे मणिपुर का दौरा- उद्धव ठाकरे
संघ प्रमुख मोहन भागवत की टिप्पणियों का जिक्र करते हुए शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा कि क्या प्रधानमंत्री मोदी अब मणिपुर का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं देश के भविष्य को लेकर चिंतित हूं, एनडीए सरकार के भविष्य को लेकर नहीं।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हमले की जिम्मेदारी किसकी है। क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या फिर गृहमंत्री अमित शाह। हमलों को रोकना पीएम की जिम्मेदारी होती है। अगर नरेंद्र मोदी हमलों को रोक नहीं सकते तो उन्हें प्रधानमंत्री बनने का कोई अधिकार नहीं है। इसके अलावा, उन्होंने जानना चाहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद जमीनी स्तर पर क्या बदलाव आया है।
उन्होंने सवाल किया, ''लोगों की जानें जा रही हैं. जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी हमलों के लिए कौन जिम्मेदार है?" आरएसएस प्रमुख भागवत ने सोमवार को मणिपुर में हिंसा के एक साल बाद भी शांति स्थापित न हो पाने पर चिंता जाहिर करते हुए कहा था कि संघर्षग्रस्त पूर्वोत्तर राज्य की स्थिति पर प्राथमिकता से विचार किया जाना चाहिए. उद्धव ठाकरे ने सवाल किया, ''क्या आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की टिप्पणी के बाद प्रधानमंत्री मोदी मणिपुर का दौरा करेंगे?'उन्होंने कहा, ''मुझे देश के भविष्य की चिंता है न कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के भविष्य की.'' उन्होंने यह भी कहा कि आगामी विधानपरिषद चुनावों के लिए राज्य की चार सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर विपक्षी महाविकास आघाडी में कोई मतभेद नहीं है. ठाकरे ने कहा, ‘‘कोई मतभेद नहीं है.’’
Newsdesk