राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सेना प्रशिक्षण कमान का किया दौरा, आधुनिक सैन्य तैयारियों की ली जानकारी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सेना प्रशिक्षण कमान का किया दौरा, आधुनिक सैन्य तैयारियों की ली जानकारी

शिमला स्थित सेना प्रशिक्षण कमान (ARTRAC) मुख्यालय का शुक्रवार को राष्ट्रपति Droupadi Murmu ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय सेना के प्रशिक्षण ढांचे, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और भविष्य की युद्ध तैयारियों का विस्तृत अवलोकन किया।

राष्ट्रपति के आगमन पर Shiv Pratap Shukla और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। अधिकारियों ने उन्हें कमान की कार्यप्रणाली और विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी।

बताया गया कि बदलते युद्ध परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए सेना में पारंपरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ ड्रोन, मानवरहित विमान और आधुनिक डिजिटल तकनीकों को शामिल किया जा रहा है। इससे सैनिकों की क्षमता और कार्यकुशलता में लगातार सुधार हो रहा है।

दौरे के दौरान ‘रेड टीमिंग’ जैसी आधुनिक अवधारणा पर भी प्रस्तुति दी गई, जिसमें सैनिक दुश्मन की रणनीति को समझते हुए अपनी योजनाओं की कमजोरियों का विश्लेषण करते हैं। इसके अलावा, प्रशिक्षण कमान में डिजिटलीकरण और ऑटोमेशन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बन सके।

अधिकारियों ने बताया कि इस कमान के अंतर्गत देशभर में लगभग 32 प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान संचालित हो रहे हैं, जो सेना के जवानों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करते हैं।

राष्ट्रपति मुर्मु ने अधिकारियों और जवानों से बातचीत करते हुए उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की तथा कहा कि ऐसे प्रयास भारतीय सेना को और अधिक सशक्त बनाएंगे। दौरे के बाद राष्ट्रपति नई दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।